कुतुबे पीलीभीत हजरत शाहजी मोहम्मद शेर मियां के सालाना उर्से पाक के तीसरे दिन कुरान ख्वानी और छोटा कुलशरीफ हुआ। इस दौरान सज्जादानशीन अल्हाज मुन्ने मियां शेरी ने सभी से भाईचारे के साथ रहने की अपील की।
शहर के मोहल्ला मुनीर खां स्थित दरबार-ए-शेरिया में चल रहे उर्से पाक के तीसरे दिन यानि शुक्रवार को बाद नमाज-ए-फज्र कुरान ख्वानी हुई। उर्स में यूपी के अलावा राजस्थान, दिल्ली, हरियाणा व पाकिस्तान से आए तमाम जायरीनों ने दरगाह शरीफ पर पहुंचकर हाजिरी दी। जायरीनों ने शाहजी बाबा के वस्त्र व अन्य चीजों के दीदार किए। इस दौरान सज्जादानशीन अजहाज मुन्ने मियां शेरी ने शाहजी बाबा की रूहानी जिंदगी पर रोशनी डालते हुए कहा कि शाहजी बाबा को यह रूतबा उन्हें अपनी मां की खिदमत की वजह से मिला है। शाहजी बाबा ने अपनी मां की खिदमत के आगे अपना घर नहीं बसाया। तमाम जिंदगी उन्होंने कंघियां बनाकर गुजर बसर की। उन्होंने जायरीनों से भाईचारे से रहने की गुजारिश की। बाद नमाज ए मगरिब छोटा कुल शरीफ हुआ। जिसमें शाहजी बाबा का सिजरा पढ़ा गया। उसके बाद नात व मनकबतें पेश की गई। इधर देर शाम महफिल-ए-नातिया मुशायरे का प्रोग्राम शुरू हुआ। जो देर रात तक चलता रहा।
बहेड़ी के लोगों ने की परचम कुशाई
उर्से पाक के दौरान शाहजी एकेडमी बहेड़ी के अकीदतमंदों ने परपंरानुसार हाफिज कारी अनवार अहमद की सदारत में दरगाह शरीफ पर पहुंचकर परचम कुशाई की। इस दौरान बड़ी तादाद में अकीदतमंद मौजूद रहे।
बाबा की शान में बजी शहनाई
दरबार ए शेरिया में उर्से पाक के मौके पर बरेली के शहनाई वादक शमशाद व उनकी टीम ने शुक्रवार को शहनाई से अल्लाहू की धुन निकालकर जायरीनों को ठिठकने के लिए मजबूर कर दिया। यह परंपरा वर्षों पुरानी है।
नगरपालिका में हुई नात शरीफ
शाहजी बाबा के उर्स के मौके पर नगरपालिका परिसर में शुक्रवार को नातशरीफ का प्रोग्राम हुआ। फातिहा दिलाई गई और मुल्क में अमनचैन की दुआएं मांगी गई। शाम को नगरपालिका कर्मियों ने दरगाह शरीफ पहुंचकर चादरपोशी की। इस मौके पर नगरपालिका चेयरमैन प्रभात जायसवाल, राजस्व निरीक्षक अफसर हसन खां, मोहम्मद अजहर, शकील हसन खां, मोहम्मद इदरीश, मोहम्मद जकी, मतलूब हसन आदि शामिल रहे।
मेले में उमड़ी भीड़
शाहजी बाबा के उर्स में कोलकाता के इत्र की भीनी खुशबू भी महकती है, तो लुधियाना के कंबल की गरमाहट भी। मेले में सहारनपुर का हैंडीक्राफ्ट, बदायूं, रामपुर का हलवा पराठा, खुर्जा के चीनी के बर्तन, कानपुर की क्राकरी खरीदने को लोगों की भारी भीड़ उमड़ी।
आज निकलेगी चादरों की गश्त
सज्जादानशीन मुन्ने मियां शेरी ने बताया कि 19 सितंबर को शहर में चादरों की गश्त निकाली जाएगी। बाद नमाज ए अस्र कुलशरीफ और शाम को महफिले नात व मनकबत पेश की जाएगी।