असम हाईवे पर बिठौराकलां के पास एक्सल टूटने से गन्ना लदी ट्रैक्टर ट्राली पलट गई। हादसे में ट्राली पर सवार किसान महेंद्र राठौर (22) पुत्र दीनानाथ की गन्ने की फांदियों में दबकर मौत हो गई। थाना क्षेत्र के ग्राम बंजरिया निवासी महेंद्र राठौर खेती कर परिवार का भरण पोषण करते थे। रविवार देर शाम ट्रैक्टर ट्राली में गन्ना लादकर पीलीभीत एलएच मिल आ रहे थे। असम हाईवे पर बिठौराकलां के पास पहुंचते ही ट्रैक्टर का एक्सल टूट गया। जिसके बाद ट्रैक्टर ट्राली अनियंत्रित होकर पलट गई। जिसके बाद गन्ने की फांदियां महेंद्र के ऊपर जा गिरी। राहगीरों व आसपास के ग्रामीणों ने मौके पर बचाव कार्य कर किसान को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल स्थित मोर्चरी में रखवाया गया है।