पीलीभीत। फल मंडी में बृहस्पतिवार रात ठेले पर खरीदार और विक्रेता के बीच कहासुनी हो गई। इसपर कई लोगों ने फल विक्रेता की पिटाई कर दी। मारपीट करने वाले दूसरे समुदाय से जुड़े होने की जानकारी पर विपक्षी भी एकत्र हो गए। जानकारी पर सीओ सिटी और कोतवाल फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। हालांकि तब तक दोनों पक्ष निकल गए।
शहर कोतवाली क्षेत्र में स्थित फल मंडी में मोहल्ला देश नगर निवासी राजू और उसका भाई सुरेश फल का ठेला लगाते हैं। बृहस्पतिवार रात कुछ लोग ठेले पर पहुंचे। फल खरीदने को लेकर कहासुनी होने लगी। सूचना पुलिस को लगी। मौके पर पहुंची पुलिस दो लोगों को पकड़कर कोतवाली ले आई।
बताया जाता है कि इसके कुछ देर बाद दूसरे पक्ष के 10 से 12 लोग एकत्र होकर बाजार में पहुंचे और फल विक्रेता के साथ मारपीट करने लगे। मारपीट करने वाले युवकों के दूसरे समुदाय से जुड़ा होने के चलते बाजार में भी काफी लोग एकत्र हो गए। मामला तूल पकड़ने लगा।
सूचना पर सीओ सिटी दीपक चतुर्वेदी, कोतवाल नरेश त्यागी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। हालांकि भनक लगते ही हंगामा कर रहे लोग मौके से खिसक गए। एहतियात के तौर पर पुलिस फोर्स तैनात कर दिया गया। सीओ सिटी दीपक चतुर्वेदी ने बताया कि अब तक तहरीर नहीं मिली है।