पीलीभीत। बरखेड़ा विद्युत उपकेंद्र पर मंगलवार को कुछ युवकों ने बिजली कटौती से परेशान होकर हंगामा किया। इसके बाद उपकेंद्र पर रखी कुर्सियों को तोड़ने के साथ अभिलेख भी फाड़ दिए। अवर अभियंता और अन्य कर्मचारियों के साथ गालीगलौज कर अभद्रता की गई। पुलिस ने मामले में एक नामजद समेत 15 अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
बरखेड़ा स्थित विद्युत उपकेंद्र पर सोमवार शाम कस्बे का रहने वाला एक युवक बिजली संबंधी जानकारी करने के लिए पहुंचा। उसके साथ अन्य युवक भी थे। आरोप है कि कटौती को लेकर युवकों ने बेवजह हंगामा शुरू कर दिया। जानकारी होने पर अवर अभियंता संत कुमार ने कर्मचारियों की मदद से हंगामा कर रहे युवक और उसके साथियों को समझाया।
युवकों के लौटने के बाद अवर अभियंता उपकेंद्र से चले गए। आरोप है कि कुछ देर बाद युवक 10-15 लोगों के फिर फिर उपकेंद्र पर पहुंचा और कर्मचारियों से अभद्रता करने लगा। एसएसओ तरुण व संजय के साथ हाथापाई भी की।
कर्मचारियों के विरोध करने पर अवर अभियंता के कक्ष में पहुंचकर युवकों ने तोड़फोड़ कर अभिलेख फाड़ दिए। इसके बाद जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। थाना प्रभारी राजकुमार सिंह ने बताया कि अवर अभियंता की तहरीर पर कस्बा निवासी शक्ति को नामजद करते हुए 15 अज्ञात के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने समेत कई धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है।