पीलीभीत। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाएं बुधवार से शुरू हो रही हैं। जिले में बनाए गए 69 परीक्षा केंद्रों पर 41,821 विद्यार्थी परीक्षा में प्रतिभाग करेंगे। डीएम ज्ञानेंद्र सिंह, एसपी सुकीर्ति माधव ने मंगलवार को अधिकारियों के साथ बोर्ड परीक्षा की तैयारियों का जायजा लिया। वहीं, विद्यार्थियों ने परीक्षा केंद्रों पर पहुंचकर सीटिंग प्लान और बोर्ड पर चस्पा अनुक्रमांक सूची देखकर अपने कक्ष व बैठने की व्यवस्था की जानकारी ली।
बोर्ड परीक्षाओं को नकलविहीन और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिले को पांच जोन में बांटा गया है। पांच जोनल मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। इसके अलावा 14 सेक्टर मजिस्ट्रेट और सभी परीक्षा केंद्रों पर एक-एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट सहित कुल 69 स्टेटिक मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं। निगरानी के लिए पांच सचल दल भी लगातार भ्रमणशील रहेंगे। रविवार को बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने शहर स्थित ड्रमंड राजकीय इंटर कॉलेज, रामा इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र पहुंचकर अपने बैठने के स्थान की जानकारी ली। बोर्ड पर चस्पा सूची से अनुक्रमांक के आधार पर कक्ष संख्या और अन्य आवश्यक विवरण देखे। इधर, विभागीय अधिकारी और कर्मचारी अंतिम तैयारियों में जुटे रहे। ड्रमंड राजकीय इंटर कॉलेज में बनाया गया कंट्रोल रूम भी सक्रिय कर दिया गया है। परीक्षा के पहले दिन पहली पाली सुबह 8:30 बजे से शुरू होगी। इस पाली में हाईस्कूल में हिंदी और प्रारंभिक हिंदी का प्रश्नपत्र होगा। दूसरी पाली दोपहर दो बजे से इंटरमीडिएट में हिंदी का प्रश्नपत्र होगा। डीआईओएस राजीव कुमार ने बताया कि तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। यूपी बोर्ड की परीक्षाओं में 23,241 हाईस्कूल और 18,580 इंटरमीडिएट के परीक्षार्थी हैं। सभी विद्यार्थियों को प्रवेश पत्र वितरित किए जा चुके हैं और परीक्षा से जुड़े नियम-निर्देशों की जानकारी भी दी जा चुकी है। संवाद
-
नामित मजिस्ट्रेट और केंद्र व्यवस्थापक के अलावा स्ट्रांगरूम में न दें किसी को प्रवेश : डीएम
डीएम-एसपी ने सनातन धर्म बांके बिहारी राम इंटर कॉलेज, ड्रमंड राजकीय इंटर कॉलेज में पहुंचकर सीसी कैमरे, कंट्रोल रूप, स्ट्रांग रूम का निरीक्षण किया। आगामी तिथियों में होनी वाली परीक्षा के पेपरों की सीलिंग, लॉक रजिस्टर का निरीक्षण करते हुए केंद्र व्यवस्थापक को जरूरी निर्देश दिए। कहा कि स्ट्रांगरूम में नामित स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक व व्यवस्थापक के अतिरिक्त अन्य को प्रवेश न दिया जाए। पेपर स्ट्रांग रूम खोलने व बंद करने का समय, अंदर प्रवेश व निकलने वाले सभी व्यक्तियों एवं सुरक्षा में लगे सुरक्षा कर्मियों के हस्ताक्षर लाॅकबुक में अवश्य कराए। इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही न की जाए।