यूपी बोर्ड की परीक्षाएं आज से प्रारंभ हो रही हैं। सुबह 7.30 बजे से होने वाली परीक्षाओं के लिए जिले में 87 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन पर 55859 छात्र-छात्राएं परीक्षा देंगे। माध्यमिक शिक्षा विभाग ने परीक्षाओं की तैयारियों पूरी कर ली हैं। बुधवार को छात्र-छात्राओं ने परीक्षा केंद्र पहुंचकर अपनी सीट की जानकारी ली।
यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाओं की तैयारियां कई दिनों से चल रही हैं। पूरे जिले में हाईस्कूल के 31842 और 24017 इंटरमीडिएट के परीक्षार्थी हैं। माध्यमिक शिक्षा विभाग ने इसके लिए जिले में कुल 87 परीक्षा केंद्र बनाए हैं। नकल विहीन और शांतिपूर्ण परीक्षा संपन्न कराने के लिए 15 सेक्टर बनाकर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं, जबकि एक सुपर जोनल और तीन जोनल मजिस्ट्रेट बनाए गए हैं। बुधवार को परीक्षा तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। सभी परीक्षा केंद्रों पर फर्नीचर के साथ अन्य व्यवस्थाएं पूर्ण कर ली गई हैं। डीआईओएस कार्यालय में कक्ष निरीक्षकों और केंद्र प्रभारियों को ड्यूटी स्लिप और फोटो युक्त पहचान पत्र सौंपे गए। पहले दिन कक्षा 10 और 12 की दोनों पालियों में परीक्षाएं होंगी। सुरक्षा की दृष्टि से जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट के साथ पुलिस फोर्स रहेगा। परीक्षा केंद्रों पर भी पुलिस का पर्याप्त बंदोबस्त किया गया है।
जिले के सभी 87 परीक्षा केंद्रों पर बोर्ड परीक्षाओं की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रत्येक केंद्र पर छात्रों को फर्नीचर उपलब्ध कराया गया है। सभी केंद्र प्रभारियों को नकल विहीन परीक्षाएं कराने के निर्देश दिए गए हैं।
-जेके वर्मा, जिला विद्यालय निरीक्षक
ड्यूटी लगाने में भारी गड़बड़ी
बोर्ड परीक्षाओं में माध्यमिक के साथ बेसिक अध्यापकों की भी ड्यूटी लगाई है लेकिन इसमें कई गड़बड़ियां सामने आई हैं। मरौरी ब्लाक के तहत न्यूरिया के राजकीय कन्या उच्तर माध्यमिक विद्यालय की शिक्षिका अरीना के नाम से ड्यूटी लगी है जबकि इस नाम की विद्यालय में कोई शिक्षिका ही नहीं है। वहीं अनुदेशक पद से त्यागपत्र देकर बरेली में एफसीआई में नौकरी कर रहे वीरेंद्र कुमार की भी ड्यूटी लगी है।
एसडीएम ने देखे परीक्षा इंतजाम
बीसलपुर। तहसील क्षेत्र के सभी 28 परीक्षा केंद्रों पर 18 फरवरी से शुरू होने वाली बोर्ड परीक्षा के संबंध में सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। एसडीएम बीपी सिंह ने बताया कि तैयारियों का निरीक्षण कर लिया गया है। इधर सीओ ब्रह्मपाल सिंह ने बताया कि सभी केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में और संवेदनशील केंद्रों पर पुलिस बल तैनात किया जाएगा।