डीआईओएस कार्यालय से 198 माध्यमिक विद्यालयों को भेजी जा रहीं मार्कशीट
पीलीभीत। हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद जिले के माध्यमिक विद्यालयों में विद्यार्थियों को मूल अंक तालिकाएं (मार्कशीट) वितरित किए जाने का कार्य शुरू हो गया है।
जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय से विद्यालयों को अंकतालिकाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिसके बाद छात्र-छात्राएं अपने-अपने विद्यालय पहुंचकर निर्धारित प्रक्रिया के तहत उन्हें प्राप्त कर रहे हैं। जिले में माध्यमिक शिक्षा विभाग के कुल 198 विद्यालय संचालित हैं।डीआईओएस कार्यालय से जिले के सभी माध्यमिक विद्यालयों को क्रमवार अंक तालिकाओं का वितरण किया जा रहा है। विद्यालयों में अंकतालिकाएं पहुंचने के साथ ही छात्र-छात्राओं की आवाजाही बढ़ गई है।
विद्यालय प्रशासन की ओर से छात्रों की पहचान सुनिश्चित करने के बाद हस्ताक्षर कराकर अंकतालिकाएं सौंपी जा रही हैं। जिन विद्यार्थियों को आगे उच्च शिक्षा संस्थानों में प्रवेश लेना है। उनके लिए मूल अंकतालिका महत्वपूर्ण दस्तावेज है। ऐसे में विद्यालयों ने वितरण व्यवस्था को सुव्यवस्थित रखने के लिए आवश्यक इंतजाम किए हैं, ताकि विद्यार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
सभी विद्यालयों को समयबद्ध तरीके से अंकतालिकाएं उपलब्ध कराने की प्रक्रिया जारी है। डीआईओएस विजय सिंह का कहना है कि विद्यालयों को अंकतालिकाएं प्राप्त हो गई हैं, जिसको वितरण कराया जा रहा है। संवाद