पीलीभीत। वर्ष 2026 की यूपी बोर्ड हाईस्कूल इम्प्रूवमेंट/ कंपार्टमेंट और इंटरमीडिएट कंपार्टमेंट परीक्षा 28 जुलाई को कराई जाएगी। जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय ने परीक्षा कार्यक्रम जारी करते हुए बताया कि दोनों परीक्षाएं जिला मुख्यालय स्थित ड्रमंड राजकीय इंटर कॉलेज में होंगी। परीक्षार्थियों को परीक्षा शुरू होने से 45 मिनट पहले केंद्र पर पहुंचना होगा। परीक्षा केंद्र पर सुरक्षा और गोपनीयता के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।
हाईस्कूल इम्प्रूवमेंट/ कंपार्टमेंट परीक्षा 28 जुलाई को सुबह 8:30 बजे से 11:45 बजे तक आयोजित होगी, जबकि इंटरमीडिएट कंपार्टमेंट परीक्षा दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक संपन्न कराई जाएगी। दोनों परीक्षाओं के लिए जनपद में ड्रमंड राजकीय इंटर कॉलेज को एकमात्र परीक्षा केंद्र बनाया गया है। दोनों परीक्षाओं में 505 परीक्षार्थी भाग लेंगे।
डीआईओएस विजय सिंह ने बताया कि परीक्षा केंद्र पर परीक्षार्थियों, केंद्र व्यवस्थापक, अध्यापकों और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों के अलावा किसी भी बाहरी व्यक्ति का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। केंद्र व्यवस्थापक को निर्देश दिए गए हैं कि प्रवेश एवं परीक्षा समाप्ति के समय अनावश्यक भीड़ न लगने पाए और परीक्षार्थियों का आवागमन व्यवस्थित ढंग से कराया जाए। परीक्षा कक्ष में मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच या किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। परीक्षा के दौरान सभी कक्षों में वॉयस रिकॉर्डर युक्त सीसी कैमरे और राउटर सक्रिय रहेंगे, जिससे परीक्षा की लगातार निगरानी की जा सके।
प्रश्नपत्रों की सुरक्षा के लिए उन्हें मुख्य परीक्षा की तरह डबल लॉक वाली स्ट्रांग रूम की आलमारी में रखा जाएगा। स्ट्रांग रूम की 24 घंटे सीसी कैमरों से निगरानी होगी। प्रश्नपत्रों के पैकेट केंद्र व्यवस्थापक, बाह्य केंद्र व्यवस्थापक और स्टैटिक मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में सीसी कैमरों से निगरानी के बीच खोले और वितरित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि प्रधानाचार्यों को निर्देशित किया गया है कि वे परिषद की वेबसाइट से पंजीकृत परीक्षार्थियों के प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सत्यापित करने के बाद संबंधित छात्रों को उपलब्ध कराएं। संवाद