फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Pilibhit News: सांसद निधि के कार्य में मिली हीलाहवाली, केंद्रीय राज्यमंत्री ने कार्यदायी संस्था से जताई नाराजगी

Wed, 15 Oct 2025 11:14 PM IST
बरेली ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, पीलीभीत
विज्ञापन
विज्ञापन
पीलीभीत। कलक्ट्रेट के गांधी सभागार में बुधवार को हुई जिला विकास समन्वय व निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में केंद्रीय राज्यमंत्री जितिन प्रसाद को सांसद निधि के कामों में ही हीलाहवाली मिली। कुछ स्थानों पर अब तक काम शुरू न होने पर कार्यदायी संस्था की क्लास ली। जिले के विकास कार्यों की दशा और रूपरेखा तय करने वाली बैठक में खस्ताहाल सड़कें, गलत बिजली बिल, बकाया गन्ना भुगतान का मुद्दा भी उठा। ग्रामीण अभियंत्रण विभाग, लोक निर्माण और परियोजना निदेशक से नाराजगी जताई है।
विज्ञापन

जिले की सड़कों की हालत खस्ताहाल है। पूरनपुर, माधोटांडा, अमरिया, बीसलपुर आदि इलाकों में कई पुुल-पुलिया कटे और सड़कें क्षतिग्रस्त हैं। प्रमुख मार्गों पर कई माह से आवागमन थमा है। कई बड़े प्रोजेक्ट वर्षों से अधूरे हैं। खस्ताहाल सड़कों के निर्माण की मांग भी आए दिन उठती है।
बुधवार को दिशा की बैठक में केंद्रीय राज्यमंत्री ने टूटी हुई सड़कों की मरम्मत और गड्ढा मुक्ति के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। पीलीभीत-टनकपुर मार्ग के चौड़ीकरण में आने वाली बाधाओं को शीघ्र दूर कर कार्य कराए जाने को कहा। धान क्रय केंद्रों की संख्या, विक्रय करने वाले किसानों की संख्या की जानकारी संबंधित अधिकारी से प्राप्त कर अधिक से अधिक किसानों को लाभान्वित कराए जाने के निर्देश दिए। सीडीओ आरके श्रीवास ने बताया कि केंद्रीय राज्यमंत्री ने सांसद निधि के कुछ कार्य शुरू न होने पर संबंधित कार्यदायी संस्था से नाराजगी जताई है।
विज्ञापन


गलत बिजली बिल में सुधार, जंगल किनारे हो औषधीय खेती
जिले में लगातार आ रही गलत बिजली बिल की शिकायतों को लेकर केंद्रीय राज्यमंत्री ने अधिशासी अभियंता विद्युत को बिजली बिलों की गड़बड़ी में सुधार कराने के निर्देश दिए। मानव वन्यजीव संघर्ष के संबंध में डीएफओ टाइगर रिजर्व से जानकारी ली। कहा कि जंगल के किनारे गन्ने की खेती करने के बजाय किसानों को औषधीय खेती के लिए प्रेरित किया जाए। बीएसए को सभी विद्यालयों में फर्नीचर मुहैया कराने के निर्देश दिए। गन्नेे का बकाया भुगतान जल्द कराने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन कराए जाने के प्रति आश्वस्त किया। बैठक में जिलाध्यक्ष संजीव प्रताप सिंह, सुधीर गुप्ता सदस्य विधान परिषद, विधायक पूरनपुर बाबूराम पासवान, बरखेड़ा विधायक स्वामी प्रवक्तानंंद आदि मौजूद रहे।

फोटो
सभासदों ने की पालिका के टेंडर निरस्त करने की मांग
दिशा की बैठक में पहुंचे केंद्रीय राज्यमंत्री जितिन प्रसाद से नगरपालिका पीलीभीत के 14 सभासदों ने मुलाकात की। शिकायतीपत्र देकर पालिका की ओर से पूर्व में जिन वार्ड में कार्य निकल चुके हैं। उन्हीं में दोबारा निर्माण कार्यों के टेंडर निकाले जाने की शिकायत की। सभासदों ने कहा कि उनके वार्डों में विकास कार्यों की जरूरत है, लेकिन पालिका ध्यान नहीं दे रही है। शिकायत करने वालों में चैतन्य गंगवार, पुष्पा उपाध्याय, रत्ना शुक्ला, राजेंद्र कुमार आदि सभासद शामिल रहे।

फोटो:
केंद्रीय मंत्री के सामने रोने लगी पूर्व जिला पंचायत सदस्य
तहसील पूरनपुर से पूर्व जिला पंचायत सदस्य किरन लता रस्तोगी ने बुधवार को केंद्रीय राज्यमंत्री जितिन प्रसाद को शिकायतीपत्र दिया। शिकायत बताते समय वह रोने लगीं। उन्होंने आरोप लगाया कि पूरनपुर उप डाकघर के पोस्टमास्टर और कर्मचारियों ने उसके खाते से गलत तरीके से रुपये निकाल लिए हैं। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए केंद्रीय मंत्री ने मामले में जांच व कार्रवाई का आश्वासन दिया है। इसके अलावा कई अन्य लोगों ने भी केंद्रीय राज्यमंत्री से शिकायत की।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें