यूं तो टाइगर रिजर्व आम पर्यटकों के लिए 15 नवंबर से खोला जाना है, लेकिन अघोषित रूप से यह पर्यटकों के लिए खोल दिया गया है। अधिकारी व उनके नाते रिश्तेदार और वीआईपी लोग अभी से इसका आनंद उठा रहे हैं। दशहरा और मोहर्रम के कारण हुई लंबी छुट्टियों में जमकर मौज मस्त की।
जिले का प्रमुख पर्यटन केंद्र टाइगर रिजर्व को 15 जून से बारिश के चलते पर्यटकों के लिए बंद दिया गया था। अब 15 नवंबर से इसे पुन: खुलना है। इसके लिए विभाग तैयारियां कर रहा है। चूका स्पॉट में बैबू हट सहित सभी हट, बारिश में उखड़ी पिचिंग आदि की मरम्मत कराई जा रही है। आम पर्यटक इसके खुलने का इंतजार कर रहा है लेकिन अधिकारियों का सैर सपाटा चालू हो गया है।
नवरात्र के उपलक्ष्य में हुई लंबी छुट्टियों में तमाम अधिकारियों के नाते रिश्तेदार एवं कुछ वीआईपी ने टाइगर रिजर्व के जंगल और इसमें बने चूका स्पॉट का भ्रमण का आनंद उठाया। इसके चलते पिछले एक सप्ताह से जंगल और चूका स्पॉट में काफी रौनक है। अधिकारियों की आवाजाही शुरू होने से विभाग में खुद को असहज महसूस कर रहा है लेकिन मजबूरी में आवभगत की औपचारिकता निभा रहा है।
टाइगर रिजर्व में चूका स्पॉट एवं अन्य स्थानों पर टॉवर हट आदि की मरम्मत कराकर अंतिम रूप दिया जा रहा है। पर्यटकों के लिए 15 नवंबर से ही इसे खोला जाएगा। चूका घूमने को अभी तक कोई बुकिंग नहीं हुई है।
- कैलाश प्रकाश, डीएफओ टाइगर रिजर्व