पूरनपुर। चाचा और भाई आवाज लगाते रह गए और युवक ने नहर में छलांग लगा दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गोतखोरों की मदद से युवक की तलाश कराई पर उसका कोई सुराग नहीं लग सका।
घटना माधोटांडा थाना क्षेत्र में गांव प्रसादपुर से कुछ दूरी पर हरदोई ब्रांच नहर की है। गांव प्रसादपुर निवासी अजय (18) घर से बाइक और मोबाइल लेकर निकला। बाद में उसने चाचा उमाशंकर और भाई बबलू को मोबाइल पर बात कर बाइक और मोबाइल नहर पुल पर आकर ले जाने के लिए कहा।
चाचा और भाई नहर से कुछ दूरी पर ही थे कि दोनों का आता देखकर अजय ने बाइक की सीट पर मोबाइल और बाइक की चाबी रख दी और रेलवे पटरी पर चलता हुआ पुल पर जा पहुंचा। अनहोनी की आशंका में चाचा और भाई ने उसे रुकने के लिए आवाज लगाई, मगर तब तक अजय ने पुल से नहर में छलांग लगा दी।
सूचना पर डायल 112 पुलिस के बाद कोतवाली पुलिस पहुंची। कोतवाल संजीव कुमार शुक्ला ने बताया कि घटनास्थल थाना माधोटांडा का है। अजय उनके क्षेत्र के गांव में रहता था। नहर में पानी का बहाव तेज है। अजय की तलाश में गोताखोर लगाए गए हैं। संवाद