खकरा फीडर पर पूरी रात उपभोक्ताओं को नहीं मिल सकी बिजली आपूर्ति, अन्य इलाकों में भी कटौती से परेशान रहे उपभोक्ता
पीलीभीत। गर्मी और उमस के बीच आधे शहर में बुधवार पूरी रात बिजली की आंख मिचौली जारी रही। खकरा फीडर से जुड़े लगभग दस मोहल्लों में बिजली गुल होने के कारण उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा। इसके अलावा बृहस्पतिवार सुबह सात बजे शहर की लकड़ी मंडी में ट्रक द्वारा बिजली के तार तोड़ दिए जाने से आपूर्ति बाधित हो गई। दस घंटे तक आपूर्ति बाधित रहने से उपभोक्ताओं ने हंगामा किया। सूचना पर कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। लोगों को समझाकर शांत कराया।
बुधवार रात 10.30 बजे खकरा फीडर से जुड़े मोहल्ला साहूकारा, डोरीलाल, डालचंद, मोहम्मद फारुख, फीलखाना, शेखचांद, चौकबाजार आदि क्षेत्रों की बिजली गुल हो गई। इसकी शिकायत बिजली विभाग के व्हाट्सएप ग्रुप पर की गई, लेकिन उपभोक्ताओं को कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। जब ग्रुप पर आपत्ति की गई, तो रात के करीब एक बजे बताया गया कि वाटर वॉक्स में नया ट्रांसफाॅर्मर लगाया जा रहा है। इसके चलते बिजली गुल है। रात तीन बजे आधे घंटे के लिए बिजली आई। इसके बाद फिर गुल हो गई। बिजली सुबह पांच बजे पूरी तरह से सुचारु हो सकी। इसके अलावा मोहल्ला सराय खान, जोशीटोला, एकता नगर, बल्लभर नगर, शेरमोहम्मद, मोहम्मद वासिल, लाल रोड में भी पूरी रात बिजली की आंख मिचौली जारी रही। संवाद
-
ट्रक की टक्कर से टूटे तार, करीब आठ घंटे आपूर्ति ठप
सुबह करीब छह बजे शहर की लकड़ी मंडी में पहुंचे एक ट्रक ने वहां के तार तोड़ दिए। इससे वहां की आपूर्ति बाधित हो गई। दुकानें खुलने के बाद भी जब बिजली सप्लाई शुरु नहीं हो सकी, तो लोगों ने एकाएक हंगामा शुरू कर दिया। मामले की जानकारी लगते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। इसके बाद दोपहर करीब दो बजे वहां की आपूर्ति को सुचारु किया जा सका। इसके बाद भी बिजली कटौती होती रही।
-
बिजली व्यवस्था चरमराई, स्थायी समाधान नहीं
बिजली पूरी तरह से चौपट हो गई है। फॉल्ट होने के बाद भी स्थायी समाधान न होने से बार-बार बिजली फॉल्ट और कटौती की समस्या परेशानी बनी हुई है।
- सौरभ गुप्ता।
फॉल्ट के नाम पर घंटों बिजली नहीं मिल रही है। इसके साथ ही कटौती ने भी लोगों को परेशान कर रखा है। शेड्यूल तो महज नाम का ही रह गया है।
- मोहम्मद शाहिर।
बुधवार की रात से शहर में बिजली के हालात बेहद खराब है। विभाग भी कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पा रहा है। गर्मी में अघोषित कटौती से लोग बेहाल है।
- रामपाल शर्मा।
विभागीय अफसर स्वयं की जिम्मेदारी को समझे, तो फॉल्ट और कटौती की समस्या से छुटकारा मिल जाए, लेकिन अफसर समस्या के सुधार के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठा रहे हैं।
- नरेंद्र कुमार।
-
शहर के अलग-अलग इलाकों में फॉल्ट हुए थे। जिसकी सूचना के बाद टीमों को मौके पर भेजकर उसे ठीक करा दिया गया। उपभोक्ताओं के शिकायतों का समाधान किया जा रहा है। - आशीष यादव, एक्सईएन
लकड़ी मंडी मार्ग पर हंगामे के बाद मौके पर लगी भीड़। स्रोत विभाग।
लकड़ी मंडी मार्ग पर हंगामे के बाद मौके पर लगी भीड़। स्रोत विभाग।
लकड़ी मंडी मार्ग पर हंगामे के बाद मौके पर लगी भीड़। स्रोत विभाग।
लकड़ी मंडी मार्ग पर हंगामे के बाद मौके पर लगी भीड़। स्रोत विभाग।
लकड़ी मंडी मार्ग पर हंगामे के बाद मौके पर लगी भीड़। स्रोत विभाग।