सी एच सी बरखेड़ा में गर्भवती महिलाओं को देखती चिकित्सक डॉ शाहीन जहां संवाद
बरखेड़ा / बीसलपुर। प्रधानमंत्री मातृत्व योजना के तहत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर बुधवार को शिविर लगाकर गर्भवती महिलाओं की जांच की गई। बरखेड़ा सीएचसी पर अल्ट्रासाउंड करने वाले चिकित्सक नहीं पहुंचे। ऐसे में गर्भवती महिलाओं को निजी अल्ट्रासाउंड केंद्रों पर जाना पड़ा। मौके पर मौजूद जिम्मेदार अधिकारियों ने महिलाओं को निजी सेंटरों पर अल्ट्रासाउंड कराने के टोकन थमा दिए।
केंद्र पर तैनात चिकित्सक डॉ. शाहीन जहां ने बताया कि शिविर के दौरान कुल 69 महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। उन्होंने स्वीकार किया कि इनमें से 45 गर्भवती महिलाओं को अल्ट्रासाउंड की आवश्यकता थी, जिन्हें बाहर जांच कराने के लिए निर्देशित किया गया। शेष महिलाओं की अन्य सामान्य जांचें केंद्र पर ही संपन्न की गईं। उधर, बीसलपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर शिविर में विभिन्न बीमारियों के सिलसिले में 63 गर्भवती महिलाओं के रक्त की जांच की गई। शिविर में महिलाओं की सुविधा के लिए तीन पटल बनाए गए थे। पहले पटल पर पंजीकरण, दूसरे पटल पर रक्त की जांच और तीसरे पटल पर रिपोर्ट दी गई। शिविर प्रभारी राममिलन मौर्य ने बताया कि सभी महिलाओं को जांच रिपोर्ट मौके पर ही दे दी गई। संवाद