986 ग्राम चरस के साथ दो युवक गिरफ्तार
माधोटांडा। थाना पुलिस ने शुक्रवार देर शाम गश्त के दौरान डगा पुल के पास दो युवकों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 986 ग्राम अवैध चरस बरामद की। पुलिस के अनुसार, आरोपी खटीमा से चरस लाकर पूरनपुर क्षेत्र में इसकी बिक्री करते थे। दोनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर शनिवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
उपनिरीक्षक लोकेश कुमार और सैफ खान पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर ने सूचना दी कि खटीमा रोड की ओर से दो युवक मादक पदार्थ लेकर आ रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम डगा पुल के पास पहुंची और वाहनों की लाइट बंद कर घेराबंदी कर दी। कुछ देर बाद पुल की ओर से स्कूटी सवार दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिस को देखकर उन्होंने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिसकर्मियों ने पीछा कर दोनों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम शादाब और अनस निवासी शेरपुरकलां, थाना पूरनपुर बताया।
सीओ विधि भूषण मौर्य ने बताया कि आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। संवाद