पूरनपुर। 10-10 हजार के दो इनामी गैंगस्टर पुलिस को चकमा देकर कोर्ट में हाजिर हो गए। एक अन्य गैंगस्टर को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा है, जबकि चार अब भी फरार हैं।
गैंग बनाकर संरक्षित पशुओं की हत्या कर धन अर्जित करने पर पुलिस ने 13 आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर की रिपोर्ट दर्ज की थी। आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर सभी पर इनाम घोषित किया गया था। इनमें से पांच आरोपियों को पुलिस गिरफ्तार कर पहले ही कोर्ट में पेश कर चुकी है, लेकिन आठ आरोपी पुलिस के हाथ नहीं लग रहे थे। फरार चल रहे आरोपियों की गिरफ्तारी को तीन दिन पहले सीओ आलोक सिंह के नेतृत्व में तीन थानों की पुलिस ने शेरपुरकलां में दबिश दी थी।
पुलिस ने दबिश की इस कार्रवाई में एक इनामी आरोपी को गिरफ्तार कर चालान किया था, लेकिन इसके बाद भी सात आरोपी पुलिस के हाथ नहीं लग सके। पुलिस की कार्रवाई से घबराकर गैंगस्टर के दो इनामी आरोपी शेरपुरकलां निवासी सुलेमान और नदीम सोमवार को कोर्ट में हाजिर हो गए। इसकी पुष्टि करते हुए कोतवाल आशुतोष रघुवंशी ने बताया कि एक अन्य गैंगस्टर के इनामी आरोपी नगर के मोहल्ला साहूकारा कुरैशियान निवासी इरशाद उर्फ पिल्लू को गिरफ्तार कर सोमवार को चालान किया गया। इरशाद पर भी 10 हजार रुपये का इनाम घोषित था। उन्होंने बताया कि चार आरोपी अभी हाथ नहीं लग सके है। शीघ्र ही चारों को गिरफ्तार कराकर चालान कराया जाएगा।