पूरनपुर। खाली पड़े भूखंड को लेकर मोहल्ला चौक में हुए विवाद में दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई। दोनों पक्षों के आठ लोग घायल हो गए। घायलों को सीएचसी लाया गया। पुलिस ने तहरीर पर सुभाष गुप्ता की ओर से सात लोगों को नामजद करने के साथ तीन अज्ञात के खिलाफ भी रिपोर्ट दर्ज की है।
भूखंड को लेकर पूर्व में भी दोनों पक्षों में मारपीट हुई थी। एक पक्ष के सुभाष गुप्ता ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि भूखंड पर धार्मिक कार्यक्रम कराने के लिए बुधवार शाम करीब चार बजे सफाई करा रहा था। इस दौरान पहुंचे मोहल्ला निवासी सचिन गुप्ता, उसके भाई कृष्णा गुप्ता, संजीव गुप्ता, अनुज गुप्ता, मोहल्ले के ही प्रदीप गुप्ता, मुकुल गुप्ता, राहुल गुप्ता ने अपने तीन अन्य साथियों के साथ गालियां देनी शुरू कर दीं।
विरोध पर जान से मारने की नीयत से लाठी, डंडों और धारदार हथियार से पिटाई कर घायल कर दिया। शोर-शराबे पर बचाने पहुंचे जयजयराम गुप्ता, कुशल गुप्ता, जतिन गुप्ता, मोनिषा गुप्ता, दिव्या गुप्ता को भी जानलेवा हमला कर लहूलुहान कर दिया गया। महिलाओं से भी अभद्रता की। रिपोर्ट दर्ज कराने पर जान से मारने की धमकी दी।
पुलिस ने सुभाष गुप्ता की ओर से उक्त आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। इंस्पेक्टर क्राइम गजेंद्र सिंह ने बताया कि सुभाष की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। दूसरे पक्ष की ओर से तहरीर नहीं मिली है।