अमरिया। कस्बे व माधोपुर गांव में अवैध रूप से चल रहे दो क्लीनिकों को सील किया गया है।
एसडीएम मयंक गोस्वामी और सीएचसी अधीक्षक डॉ. अनिकेत गंगवार ने टीम के साथ झोलाछाप के खिलाफ अभियान चलाया। इसी क्रम में माधोपुर गांव स्थित जीवन ज्योति क्लीनिक और कस्बे के जीवनदीप अस्पताल, भारत अल्ट्रासाउंड पर छापेमारी की गई। कार्रवाई की भनक लगते ही कई झोलाछाप अपने क्लीनिक बंद कर मौके से भाग गए। जांच के दौरान जीवनदीप अस्पताल और जीवन ज्योति क्लीनिक के संचालक वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाए। इस पर दोनों क्लीनिकों को सील कर दिया गया। कस्बे के भारत अल्ट्रासाउंड सेंटर के संचालक को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया गया है। सीएचसी अधीक्षक ने कहा कि बिना अनुमति व पंजीकरण के स्वास्थ्य सेवाएं संचालित करना गैरकानूनी है। ऐसे केंद्रों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।