बीसलपुर। कोतवाली क्षेत्र के गांव शादियां लाडपुर के पास बीसलपुर ब्रांच नहर में शुक्रवार की शाम नहाते समय दो दोस्तों की डूबने से मौत हो गई है। इस हादसे से मृतकों के घर कोहराम मच गया।
मोहल्ला दुबे निवासी विनीत सिंह (36) पुत्र राजबहादुर और इसी मोहल्ले के अभिषेक उर्फ आशु गौड़ (34) पुत्र योगेश कुमार शुक्रवार की शाम लगभग छह बजे नगर से करीब दो किलोमीटर दूर स्थित बीसलपुर ब्रांच नहर के शादियां लाडपुर घाट पर नहाने गए थे। नहाते समय दोनों गहरे पानी में चले गए। आसपास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों ने दोनों को झांडियों में फंसा देखा तो इसकी सूचना पुलिस को दी। जानकारी मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों युवकों को बाहर निकाला और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई, जहां ड्यूटी पर तैनात डॉ अमित कुमार ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही दोनों के परिजन और उनके काफी परिचित लोग स्वास्थ्य केंद्र पहुंच गए। विनीत नगर में ही मोबाइल की दुकान चलाते थे और आशू एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करते थे। कोतवाल संजीव शुक्ला ने बताया कि नहर के घाट पर खड़ी इनकी बाइक मिली है। दोनों दोस्त तैरना नहीं जानते थे।
दोनों में थी दोस्ती
विनीत और आशु अच्छे दोस्त थे। आशु रोज ड्यूटी करने बरेली जाते थे और शाम को घर आ जाते थे। घर लौटने के बाद वह शाम को मित्र विनीत की दुकान पर रोजाना बैठता था। शुक्रवार को आशु ड्यूटी पर नहीं गया था। विनीत शुक्रवार को साप्ताहिक बंदी दिवस होने के कारण दुकान खोलने नहीं गया। इस वजह से दोनों ने नहर में साथ-साथ नहाने का कार्यक्रम बना लिया था।
आशू गौड़ का फाइल फोटो