स्वास्थ परीक्षण करती मलेरिया विभाग टीम । स्त्रोत - सूचना विभाग
पीलीभीत। जिले में डेंगू और मलेरिया के मरीज लगातार बढ़ रहे हैं। सोमवार को विभिन्न स्थानों पर हुई 89 लोगों की जांच में 12 की एनएस-वन रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इनका एलाइजा टेस्ट कराने पर दो लोगों में डेंगू की पुष्टि हुई है। इसके अलावा मलेरिया के नौ मरीज मिले हैं। स्वास्थ्य विभाग ने मरीजों का उपचार शुरू कर दिया है।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बीसलपुर, बिलसंडा व शहर की राजीव कॉलोनी में शिविर लगाकर बुखार पीड़ितों की जांच कीं। जिले में अब तक डेंगू की 776 जांचें की जा चुकी हैं। सोमवार को अलग-अलग स्थानों पर हुई जांचों में 12 लोगों की एनएस-वन रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। इनका एलाइजा टेस्ट कराया गया तो दो मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई। इसके साथ ही जिले में डेंगू के मरीजों की संख्या बढ़कर 14 हो गई है।
इसके अलावा सोमवार को जिले में 1084 मरीजों की मलेरिया की जांच की गई। इनमें नौ मरीजों में विभाग ने मलेरिया की पुष्टि की। जिले में अब तक मलेरिया के कुल 275 मरीज सामने आ चुके हैं। सीएमओ आलोक कुमार ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीम लगातार गांव-गांव जाकर जांच कर रही है। लोगों को डॉक्टरों की सलाह से ही दवा लेने की अपील की जा रही है।