बरखेड़ा। बररामऊ-मूसेपुर मार्ग पर नए नदी पुल के पास मंगलवार शाम तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें एक की हालत नाजुक होने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
मूसेपुर जयसिंह निवासी रीत राम (50) पुत्र मोहनलाल मंगलवार शाम करीब छह बजे परिवार के मान सिंह (55) के साथ बाइक से बेटी के घर बर्रामऊ जा रहे थे। नए नदी पुल के पास सामने से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बाइक खाई में जा गिरी और दोनों सड़क किनारे गिरकर घायल हो गए।
सूचना पर पहुंचे परिजन दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरखेड़ा ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने रीत राम को जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जबकि मान सिंह का सीएचसी में उपचार चल रहा है। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने बताया बाइक सवार हेलमेट नहीं पहने थे। सीओ बीसलपुर राहुल पांडेय ने बताया पुलिस मामले की जांच कर कार्रवाई करेगी। संवाद