जहानाबाद। साधु के वेष में महिलाओं को झांसा देकर कुंडल और मंगलसूत्र ठगने वाले दो आरोपियों को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ठगी के जेवर और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद कर दोनों को कोर्ट में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया।
जहानाबाद कोतवाली क्षेत्र के गांव पट्टी सियाबाड़ी में 15 अक्तूबर को आरोपियों ने कल्पना देवी को बातों में उलझाकर उनके कुंडल ठग लिए थे। इसके बाद 19 अक्तूबर को मीरापुर में नरोत्तम सिंह की पत्नी इंद्रावती का मंगलसूत्र ठगकर भाग गए थे। 22 अक्तूबर को दोनों आरोपी एक गांव में हाईवे का रास्ता पूछ रहे थे। संदिग्ध गतिविधियां देखकर ग्रामीणों ने उन्हें पकड़ लिया और पुलिस को सौंप दिया। सीओ सदर नताशा गोयल ने बताया कि आरोपियों की पहचान कन्हैया पुत्र चंद्र और आजाद पुत्र सागर निवासी बालूडीह, जिला खीरी के रूप में हुई है। दोनों पीलीभीत शहर में रेलवे स्टेशन के पास परिवार के साथ डेरा डालकर रह रहे थे। संवाद