रूपपुर कमालु स्थित 132 केवी के यार्ड में अंडर ग्राउंड केबिल जलने से शहर वासियों के सामने फिर बिजली संकट गहरा गया। बुधवार रात से बृहस्पतिवार शाम तक आधे शहर की बिजली गुल रही। इससे घरेलू एवं व्यवसायिक जीवन अस्तव्यस्त रहा। बुधवार देर शाम 132 केवी के यार्ड स्थित अंडर ग्राउंड फिटिंग जल गई। इससे टाउन वन और टू इलाके में बिजली सप्लाई ठप हो गई। गैस चौराहा, मुख्य बाजार, सुनगढ़ी, नई बस्ती, आसफजान, साहूकारा, डोरीलाल, मोहतशिम खां, दुर्गा प्रसाद आदि इलाकों में बिजली गायब रही। रात भर लोग बिजली के आने का इंतजार करते रहे, लेकिन बृहस्पतिवार सुबह तक नहीं आई। बृहस्पतिवार दोपहर बाद तक सुधार कार्य पूरा न होने के कारण बिजली नहीं आ सकी। इससे लोग पानी के लिए परेशान रहे। इधर, बिजली पर आधारित दुकानों में पूरे दिन सन्नाटा पसरा रहा। अधिशासी अभियंता रणजीत चौधरी ने बताया कि सुबह से टीमों को सुधार कार्य में लगा दिया गया था। दो फीडर की बिजली सप्लाई लेकर बंद रही है। देर शाम तक सप्लाई सुचारु कर दी जाएगी।