धुंधरी में कच्चा मकान गिरने से बकरी मरी
मंगलवार सुबह से रुक रुक कर हुई बारिश से जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया। कई जगह पानी भर जाने से लोगों को आवागमन में दिक्कत हुई। बच्चों को स्कूल जाने में भी परेशानी हुई। कार्यालय खुलने के समय बारिश से लोग परेशान रहे। बीसलपुर में कच्चा मकान गिरने से एक व्यक्ति घायल हो गया। अमरिया क्षेत्र में कच्चा मकान गिरने से बकरी मर गई।
मंगलवार को सुबह लगभग छह बजे से बारिश शुरू हो गई। थोड़ी थोड़ी देर बाद हुई बारिश से लोग काफी परेशान रहे। सुबह बारिश से जहां स्कूली बच्चे और दफ्तर जाने वाले लोग परेशान हुए वहीं दिहाड़ी मजदूरों को भी बिना काम के लौटना पड़ा। कई बार हुई बारिश से सड़कों पर चहल पहल कम रही। दोपहर में कुछ देर के लिए बारिश रुकने पर लोग घरों से निकले। उधर, पहाड़ों पर बारिश के चलते ड्यूनी डैम से देवहा नदी में सुबह से ही पानी छोड़ने का क्रम शुरू हुआ। दोपहर 12 बजे तक यहां से पांच हजार क्यूूसेक पानी छोड़ा गया। बनवसा बैराज से शारदा नदी में 12 बजे तक 75 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया। इससे दोनों नदियों का जलस्तर बढ़ गया।
बीसलपुर। दोपहर तक हुई बारिश से चौंसरा रोड पर रेलवे क्रासिंग के पास और दियोरिया रोड पर गांव मकरंदापुर के पास जलभराव हो गया। इससे आने जाने वालों को परेशान होना पड़ा। बारिश के कारण ग्रामीण क्षेत्र लगने वाली बाजार (साप्ताहिक हाट) और पशु बाजार भी प्रभावित रहे। उधर गांव खिरकिया निवासी हरप्रसाद गंगवार ने बताया कि सोमवार की रात लगभग 11 बजे बैठक की दीवारें ढह गई। मलबे में दबकर वहां सो रहे मेहमान गांव मंडरा सुमन निवासी ओमप्रकाश घायल हो गए। उन्हें सीएचसी में भर्ती कराया गया है।
अमरिया। सोमवार की रात हुई बारिश से गांव धुंदरी निवासी कर्मसेन का कच्चा पूरी तरह भींग गया। मंगलवार सुबह पूरा परिवार बाहर बैठकर नाश्ता कर रहा था जबकि उनका पुत्र विजय कमरे में था। वह जैसे ही कमरे से बाहर आया अचानक पूरा मकान गिर गया। इससे कमरे में बंधी बकरी की मलवे में दबकर मौत हो गयी साथ ही कमरे में रखा बैड, अलमारी, एवं अन्य घरेलू सामान भी नष्ट हो गया।
जिले में बारिश की स्थिति
स्थान बारिश (मिलीमीटर)
शहर 4.5 मिलीमीटर
अमरिया 25.0 मिलीमीटर
चूका 32.0 मिलीमीटर
बाइफरकेशन 30.0 मिलीमीटर
पौटा 25.0 मिलीमीटर