पीलीभीत में दावत खाकर घर वापस जा रहे दंपती की बाइक को ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में महिला की मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से भाग गया। पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार गजरौला क्षेत्र के गांव भूडा सरैंदा मुस्तकिल निवासी महेश अपनी पत्नी राजकुमारी (28 वर्ष) के साथ दियोरिया कोतवाली क्षेत्र के गांव दियोहना में आयोजित एक दावत में शामिल होने गए थे। सोमवार सुबह करीब 5:30 बजे दोनों बाइक से घर लौट रहे थे।
अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम
इसी दौरान बढेपुरा के निकट सामने से आ रहे ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में राजकुमारी गंभीर रूप से घायल हो गईं। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। वहीं महेश गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
महेश का एक पैर और पसलियां टूट गईं। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल भेजा गया, जहां हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने बरेली रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि महेश रोजगार सेवक के पद पर कार्यरत हैं।