ट्रक से बचाने पर खाई में गिरी बाइक, छात्र की मौत
बिलसंडा रोड पर कैंचुआ गांव के पास सामने से आ रहे ट्रक से बचाने के चक्कर में बाइक अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। इसमें बाइक सवार नौ वर्षीय छात्र वैभव की मौत हो गई। इस हादसे का पता लगने पर परिवार में कोहराम मच गया। मोहल्ला हबीबुल्ला खां शुमाली निवासी विकास वर्मा सोमवार रात बाइक पर बिलसंडा जाने को घर से निकले थे। उनके साथ नौ वर्षीय पुत्र वैभव भी था। बिलसंडा रोड पर कैंचुआ गांव के पास पहुंचने पर सामने से आए ट्रक की हेडलाइट विकास की आंखों पर पड़ी। उन्होंने ट्रक से अपनी बाइक बचाने की कोशिश की। तभी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में जा गिरी। इसमें विकास और उनका बेटा वैभव गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए सीएचसी ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने वैभव को मृत घोषित कर दिया। इस हादसे की जानकारी मिलने पर कुछ ही देर में परिवार वाले सीएचसी पहुंच गए, जिससे कोहराम मचने लगा। वैभव की लाश देख उसकी मां गुड्डी देवी बदहवाश हो गई। परिवार वाले रात में ही शव घर ले गए। मंगलवार को अंतिम संस्कार कर दिया गया। विकास ने बताया कि वैभव एक प्राइवेट स्कूल में कक्षा चार में पढ़ाई कर रहा था।