ट्राली पलटने से राजमिस्त्री की मौत के बाद शोकाकुल परिजन। स्रोत- ग्रामीण
पीलीभीत। शहर कोतवाली क्षेत्र के देशनगर बाहर चुंगी इलाके में इंटरलॉकिंग निर्माण कार्य के दौरान शुक्रवार सुबह ईंटों से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से एक राजमिस्त्री की मौत हो गई। हादसे के बाद जिला अस्पताल में मची अफरा-तफरी के बीच मृतक के भाई का पर्स चोरी करने का प्रयास करने वाले युवक को सुरक्षाकर्मियों ने रंगे हाथ पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
इंटरलॉकिंग निर्माण कार्य के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली में करीब दो हजार ईंटें लाई गई थीं। बताया गया कि ट्रॉली पहले से पंचर थी। एक तरफ की ईंटें उतारने के बाद दूसरी ओर से ईंटें उतारी जा रही थीं। इसी दौरान ट्रॉली का संतुलन बिगड़ गया और वह अचानक पलट गई। हादसे के समय सुनगढ़ी थाना क्षेत्र के जंगरौली आशा निवासी राजमिस्त्री प्रेमचंद्र ट्रॉली के पास काम कर रहे थे।
ट्रॉली के नीचे दबने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर मृतक के भाई प्रीतम राम समेत अन्य परिजन अस्पताल पहुंचे। इसी दौरान अस्पताल में मची भीड़ और अफरा-तफरी का फायदा उठाकर एक युवक ने प्रीतम राम की जेब से पर्स निकाल लिया। हालांकि, युवक को पकड़ लिया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। वहीं, मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया। सीओ सिटी अमरनाथ वर्मा ने बताया कि ट्रॉली पलटने से हुई मौत और पर्स चोरी, दोनों मामलों में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पूरे घटनाक्रम की जांच कराई जा रही है। संवाद