शहर में बिजली सप्लाई में सुधार न होने से लोगों में रोष है। मंगलवार को
बिजली की आवाजाही रही। लो-वोल्टेज की समस्या ने उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ा
दी है।
दोपहर 12 बजे से 3.30 बजे तक कटौती तय है। इसके बाद भी दिन में
कई बार बिजली की आवाजाही लगी रहती है। मंगलवार को भी आधे-आधे घंटे पर
बिजली का आना-जाना लगा रहा। बिजली की आंख मिचौली से लोग परेशान रहे।
विभिन्न फीडरों से जुड़े इलाकों में लो-वोल्टेज ने उपभोक्ताओं का जीन मुहाल
कर रखा है। रात 11 बजे से फिर कटौती शुरू हो जाती है।
मोहल्ला
नईबस्ती, फारूख, फीलखाना के उपभोक्ताओं की मानें तो वोल्टेज इतना कम रहता
है कि पंखे भी घूम नहीं पाते हैं। ऐसे में उपभोक्ताओं की नींद भी पूरी नहीं
हो पाती। सुबह के समय बिजली के अभाव में नगरपालिका की जलापूर्ति भी ठप हो
जाती है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि बिजली की किल्लत ऊपर से ही है।
ट्रांसफार्मर न बदले पर किया प्रदर्शन
अमरिया।
अमरिया कसबे में फुंका ट्रांसफार्मर न बदले जाने से उपभोक्ताओं का गुस्सा
सड़क पर फूट पड़ा। गुस्साए उपभोक्ताओं ने बिजली विभाग के विरोध में
प्रदर्शन कर जमकर नारेबाजी की।
उपभोक्ताओं का कहना है कि कसबे में लगा
ट्रांसफार्मर तीन दिनों से फुंका पड़ा है। कई बार अधिकारियों से शिकायत की
गई, लेकिन अधिकारियों ने कोई ध्यान नहीं दिया। जिससे कसबे के आपूर्ति ठप
पड़ी है। इससे गुस्साए लोगों ने प्रदर्शन कर बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी
की और डीएम को एक पत्र भेजकर ट्रांसफार्मर ठीक कराने की मांग की। प्रदर्शन
में हामिद खां, युनुस खां, मोबिन खां, जुनैद खां, श्याम बिहारी, हरप्रसाद,
तेजराम, मुंशीलाल सहित दर्जनों लोग मौजूद रहे।