एसपी ने शहीदों को दी श्रद्धांजलि
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत में बुधवार को रिजर्व पुलिस लाइन स्थित शहीद स्मृति स्थल पर पुलिस स्मृति दिवस मनाया गया। इस अवसर पर बलिदानी पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव ने शहीदों को नमन करते हुए पुष्पचक्र अर्पित किया। इस दौरान बलिदानी पुलिसकर्मियों के अदम्य साहस, वीरता और कर्तव्यनिष्ठा को याद किया गया।
पुलिस स्मृति दिवस हर साल 21 अक्तूबर को मनाया जाता है। यह दिवस 21 अक्तूबर 1959 को लद्दाख के हॉट स्प्रिंग क्षेत्र में हुए एक हमले की याद में है। उस दिन चीनी सैनिकों के हमले में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के 10 जवान शहीद हो गए थे। उन्हीं जवानों की स्मृति और पुलिसकर्मियों के बलिदान के सम्मान में यह दिवस मनाया जाता है। पुलिस विभाग के अनुसार, एक सितंबर 2025 से 31 अगस्त 2026 तक देशभर में 154 पुलिसकर्मियों ने कर्तव्य निर्वहन के दौरान अपने प्राणों का बलिदान दिया।
परिजनों के प्रति संवेदना
इस अवसर पर शहीदों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की गई। उनके सम्मान, कल्याण और सहायता के प्रति प्रतिबद्धता भी दोहराई गई। कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक हिमांशु गौरव मौजूद रहे। सभी क्षेत्राधिकारी, प्रतिसार निरीक्षक और विभिन्न शाखाओं के प्रभारी भी उपस्थित थे। अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी भी इस श्रद्धांजलि सभा में शामिल हुए।