पूरनपुर। सोमवार दोपहर दो बजे तेज हवा के साथ हुई बारिश के दौरान हाईटेंशन लाइन पर पेड़ की डाल टूटकर गिर गई। इससे पूरे नगर की बिजली आपूर्ति पांच घंटे ठप रही। खराबी दूर कर शाम सात बजे आपूर्ति सुचारू की गई। इसके बाद भी बिजली की आवाजाही बनी रही। उधर, ट्रांसफार्मर की खराबी से घुंघचाई विद्युत उपकेंद्र की बिजली आपूर्ति रविवार रात आठ घंटे ठप रही। भीषण गर्मी में घंटों बिजली आपूर्ति न मिलने से उपभोक्ताओं में रोष देखा गया।
सोमवार दोपहर तेज हवा के साथ हुई बारिश में दोपहर करीब दो बजे बिजली हाईटेंशन लाइन में फाल्ट से पूरे नगर की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। पानी रुकने के बाद बिजली कर्मी फाल्ट ढूंढने में जुटे। करीब एक घंटा तक फाल्ट ही नहीं मिला। बाद में हाईटेंशन लाइन के पेड़ की डाल गिरने से क्षतिग्रस्त होने की जानकारी मिली। कर्मचारी खराबी दूर करने में जुटे। शाम सात बजे तक नगर की बिजली आपूर्ति सुचारू किया गया, लेकिन इसके बाद भी बिजली आपूर्ति आने जाने का क्रम जारी रहा।
इसके अलावा रविवार शाम करीब पांच बजे ट्रांसफार्मर की खराबी से घुंघचाई उपकेंद्र की बिजली आपूर्ति ठप रही। आधी रात के बाद तक घुंघचाई उपकेंद्र से जुड़े गांवों में अंधेरा छाया रहा। रात करीब डेढ़ बजे खराबी ठीक होने पर घुंघचाई विद्युत केंद्र से बिजली आपूर्ति की जा सकी। एसडीओ (बिजली) प्रवीण कनौजिया ने बताया कि बिजली हाईटेंशन लाइन में खराबी से नगर की बिजली आपूर्ति ठप हुई है। खराबी को दूर कर शाम सात बजे बिजली आपूर्ति सुचारू करा दी गई है।
चंदिया हजारा में बाढ़ पीड़ितों का अनशन 22वें दिन भी रहा जारी
फोटो ०२ पीबीटीपी ४६
पूरनपुर। बाढ़ और कटान की समस्या का स्थायी निराकरण न होने के विरोध में चंदिया हजारा में चल रही बाढ़ पीड़ितों की भूख हड़ताल सोमवार 22वें दिन भी जारी रही। अधिकारियों के मांगों पर ध्यान न देने से आंदोलनकारियों में गुस्सा बढ़ रहा है।
सोमवार को क्रमिक अनशन पर गणेश विश्वास, विक्की मिस्त्री, तपन गाईन, सपन मंडल, प्रमथ मिस्त्री, गगन सरकार, अजीत राय, तुषार मंडल, दिपंकर थानेदार, मनोज विश्वास, आशीष पांडेय, विभूति दास, गोपाल मंडल, प्रभाष घरामी बैठे। रविवार को सांसद के दिल्ली आने के बुलावा पर प्रदर्शनकारियों का प्रतिनिधि मंडल दिल्ली भेजने की तैयारी में आंदोलनकारी जुट गए है। भेजे जाने प्रतिनिधि मंडल में लोग चिह्नित किए जा रहे है, ताकि क्षेत्र की समस्या को दिल्ली में मजबूती के साथ रखा जा सका।
चिड़ाने का विरोध करने पर ग्रामीण को पीटा, पिता-पुत्र समेत चार पर रिपोर्ट
पूरनपुर। सेहरामऊ उत्तरी थाना के गांव पिपरा मुजप्ता निवासी छोटे लाल को चिड़ाने का विरोध करने पर गांव निवासी पिता-पुत्र समेत चार लोगों ने पीट दिया। पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
छोटे लाल ने बताया कि गांव निवासी बालकृष्ण उसे कोरोना और खांसी के नाम से चिड़ाते हैं। शनिवार को गांव के धार्मिक स्थल पर पौत्र को खिला रहा था। इसी दौरान बाल कृष्ण ने फिर से चिड़ाना शुरू कर दिया। विरोध करने पर उसने अपने भाई हरिओम तिवारी, पुत्र शुभम, और दिव्यांशु के साथ मिलकर गालियां दीं और पिटाई की। गांव के कुछ लोगों ने बमुश्किल उसे बचाया। सेहरामऊ उत्तरी पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
सामूहिक दुष्कर्म के आरोपी का किया चालान
पूरनपुर। घर से युवती अगवा कर बाग में लेजाकर सामूहिक दुष्कर्म करने के एक आरोपी गांव घुंघचाई निवासी प्रखर शर्मा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। सोमवार को उसका चालान कर दिया।
घटना 21 अगस्त को घुंघचाई थाना क्षेत्र की है। गांव निवासी दो सगे भाई घर में घुसकर धमकाते हुए एक युवती को अगवा कर बाग में ले गए और वहां उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। विरोध करने पर जाति सूचक शब्दों का प्रयोग कर गालियां दी गईं। डर की बजह से युवती ने घटना की शिकायत तब नहीं की। पुलिस ने नौ सितंबर को तहरीर मिलने पर दोनों भाइयों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर युवती का मेडिकल कराया था। घुंघचाई इंस्पेक्टर रामसेवक ने बताया कि नामजद आरोपी प्रखर का सोमवार को चालान किया गया है।