मैलानी से पीलीभीत आ रही पैसेंजर ट्रेन संख्या 52238 का इंजन बुधवार दोपहर दियूरी हाल्ट के समीप अचानक खराब हो गया। इंजन में खराबी आने पर पहले तो चालक ने इसे खुद ही दुरुस्त करने का प्रयास किया, तकनीकी खराबी दूर नहीं की जा सकी। इंजन में तकनीकी खराबी आने की जानकारी चालक ने कंट्रोल रूम को दी। कंट्रोल रूम से आदेश मिलते ही लोको विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंच गए। काफी देर प्रयास करने के बाद भी कर्मचारी इंजन में आई खराबी को दुरुस्त नहीं कर सके। कर्मचारियों ने खराबी ठीक न होने की जानकारी कंट्रोलरूम को देते हुए दूसरा इंजन भेजने की बात कही। इसके बाद दूसरा इंजन भेजकर ट्रेन को पीलीभीत के लिए रवाना किया गया। पैंसेजर ट्रेन दोपहर 12.40 बजे के स्थान पर करीब 1.50 बजे रेलवे स्टेशन पर पहुंच सकी। इसके चलते ट्रेन में सवार यात्रियों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। ट्रेन में सवार यात्री उमस भरी गर्मी में परेशान होते रहे। हालांकि इस बीच कुछ यात्रियों ने शोर शराबा करना भी शुरू कर दिया। इस संबंध में स्टेशन अधीक्षक मोहम्मद इजराइल ने बताया कि दियूरी के पास पैसेंजर ट्रेन को इंजन फेल हो गया था। दूसरा इंजन भेजकर ट्रेन को लाया गया है।
छूटते-छूटते बची परीक्षा
मैलानी-पीलीभीत पैसेंजर ट्रेन में रुहेलखंड विश्वविद्यालय की परीक्षा देने के लिए कई विभिन्न स्टेशनों से कई परीक्षार्थी भी सवार थे। दियूरी के समीप इंजन फेल होने की जानकारी पर ट्रेन में सवार परीक्षार्थियों के छक्के छूट गए। गनीमत तो यह रही कि जल्द ही दूसरा इंजन भेजकर ट्रेन रेलवे स्टेशन को रवाना हुई। परीक्षा सायं तीन बजे से शुरू हुई थी।