तीर्थयात्रियों की बढ़ती तादाद को देखते हुए रेल महकमा हर साल तमाम सुविधाएं मुहैय्या कराता है लेकिन इस बार महकमा सुविधाएं देने में नाकाम साबित हो रहा है। ऐसे में तीर्थयात्रियों को तमाम दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
फर्श पर दिन गुजारने को मजबूर तीर्थयात्री
रेलवे स्टेशन पर रोजाना ही बड़ी तादाद में तीर्थयात्री पहुंच रहे हैं, लेकिन प्लेटफार्मों पर बेंचों की कमी के चलते यहां पहुंचने वाले तीर्थयात्रियों को फर्श पर बैठकर ही समय गुजारना पड़ रहा है। हाल ही में आए डीआरएम ने बेंचों की कमी को देखते हुए बेंच लगाने के निर्देश भी दिए थे।
नहीं लग सका अतिरिक्त काउंटर
तीर्थयात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रेल प्रशासन द्वारा टिकटघर में अतिरिक्त विंडो की व्यवस्था की जाती है, लेकिन अभी तक अतिरिक्त विंडों की व्यवस्था नहीं की गई है। जिस कारण तीर्थयात्रियों को धक्कामुक्की के बीच ही टिकट लेना पड़ रहा है।
अंधेरे में ठोकर खाते हैं तीर्थयात्री
मेले को लेकर रेलवे स्टेशन के लगभग सभी प्लेटफार्मों पर तीर्थयात्रियों की भीड़ जमा रहती है। प्लेटफार्मों पर प्रकाश व्यवस्था बेहतर न होने के कारण यात्रियों को अंधेरे में बैठना पड़ रहा है। प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त न होने से यात्री असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
मेलार्थियों की सुविधा को दो मेला स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। रेलवे स्टेशन पर सभी व्यवस्थाएं चाक चौबंद की जा चुकी है। जहां कमियां हैं उन्हें दुरुस्त किया जा रहा है। यात्रियों की संख्या पर ही अतिरिक्त टिकट विंडो की व्यवस्था कराई जाएगी।
मोहम्मद इजराइल, स्टेशन अधीक्षक