पीलीभीत। जिले में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से व्यापारियों में खासी नाराजगी है। व्यापारियों का कहना है कि पुलिस पूरी तरह निष्क्रिय बनी हुई है। एक भी घटना का खुलासा नहीं कर पा रही है।
शुक्रवार को हुई व्यापार मंडल के पदाधिकारियों की बैठक में जिलाध्यक्ष अनूप अग्रवाल ने कहा कि पुलिस अब तक पूरनपुर और पीलीभीत में हुई चोरी की किसी भी घटना का खुलासा नहीं कर पाई है। एसपी अतुल शर्मा से मुलाकात कर व्यापारियों ने तीन दिनों के भीतर घटनाओं के खुलासे का अल्टीमेटम दिया था, लेकिन पुलिस किसी घटना का पर्दाफाश नहीं कर सकी।
उन्होंने कहा कि शनिवार को 12 बजे व्यापार मंडल कार्यालय भवन में प्रांतीय उपाध्यक्ष हंसराज गुलाटी के नेतृत्व में व्यापारियों की बैठक होगी। इसमें पीलीभीत, बीसलपुर, बिलसंडा, मझोला, न्यूरिया, अमरिया के व्यापारी हिस्सा लेंगे। बैठक में चोरी की घटनाओं का खुलासा न होने के विरोध में आंदोलन की रणनीति तैयार की जाएगी।