पूरनपुर। व्यापारियों ने मुख्यमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन उपजिलाधिकारी मयंक गोस्वामी को सौंपा, जिसमें निर्मित क्षेत्रों में व्यावसायिक उपयोग और अवैध निर्माण के खिलाफ नोटिस व ध्वस्तीकरण की कार्रवाई का विरोध किया गया।
उद्योग व्यापार मंडल के नगराध्यक्ष प्रदीप शुक्ला के नेतृत्व में व्यापारियों ने ज्ञापन दिया। इसमें बताया गया कि विकास प्राधिकरण और आवास विकास परिषद ने विकसित कॉलोनियों में पर्याप्त बाजार नहीं बनाए। व्यापारियों ने अपने स्तर पर बाजार विकसित कर विभिन्न करों के माध्यम से देश की तरक्की में योगदान दिया है। इसके बावजूद, उनके योगदान को अनदेखा कर निर्मित क्षेत्रों में व्यावसायिक उपयोग को अवैध बताया जा रहा है। उच्चतम न्यायालय में आवास विकास के अधिकारियों ने सही तथ्य प्रस्तुत नहीं किए, ऐसा ज्ञापन में बताया गया। ज्ञापन देने वालों में प्रदीप शुक्ला, रवि जायसवाल, गोल्डी जोशी, वीरेंद्र सिंह और पुष्पेंद्र शर्मा शामिल थे।