पूरनपुर। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल की बैठक में कमर्शियल गैस सिलिंडरों पर लगाई गई रोक और असम हाईवे सहित जंगल से निकले वाली तीन सड़कों पर रात्रि में आवागमन प्रतिबंध को लेकर रोष व्यक्त किया गया।
प्रांतीय व्यापारी नेता हंसराज गुलाटी के प्रतिष्ठान में शाम साढ़े पांच बजे हुई बैठक में कमर्शियल गैस सिलिंडरों पर लगाई गई रोक पर रोष व्यक्त किया गया। प्रांतीय व्यापारी नेता और विधायक बाबूराम पासवान ने जिला पूर्ति अधिकारी से मोबाइल फोन पर बात कर रोक को लेकर नाराजगी व्यक्त की। बैठक में कहा गया कि पीलीभीत टाइगर रिजर्व से होकर निकलने वाले असम हाईवे सहित तीन सड़कों पर रात्रि में आवागमन पर रोक की तैयारी की जा रही है। इसे व्यापारी किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेंगे। इस दौरान धरना-प्रदर्शन करने की भी चेतावनी दी गई। बैठक की अध्यक्षता नगराध्यक्ष हाजी जाहिद खां ने की। बैठक में नगर पालिका चेयरमैन शैलेंद्र गुप्ता, प्रांतीय व्यापारी नेता विजयपाल विक्की, बलजीत सिंह खैहरा, संजीव गुप्ता, अंकुश खंडेलवाल आदि व्यापारी थे।