पीटीआर के पर्यटन स्थल घूमने पहुंचे नीदरलैंड के सैलानी । स्रोत -विभाग
पीलीभीत। मंगलवार को नीदरलैंड से दो सैलानी पीटीआर पहुंचे और सुबह की शिफ्ट में जंगल सफारी का आनंद लिया।
पीलीभीत टाइगर रिजर्व के पर्यटन सत्र के द्वार 25 जून को बंद कर दिए जाएंगे। इसके चलते रोजाना सैलानियों की संख्या बढ़ रही है। विभागीय आकड़ों की माने तो चार सौ सैलानी रोजाना घूमने आ रहे हैं। दोनों शिफ्टाें में जंगल सफारी के वाहन बुक हो रहे हैं। इसके अलावा चूका बीच की हटें भी 24 जून तक के लिए बुक हो चुकी हैं।
होम स्टे भी सैलानियों की आमद से गुलजार हैं। मंगलवार को नीदरलैंड से डी रूइटर, अपनी महिला साथी जानसन के साथ पीटीआर घूमने पहुंचे। सुबह की शिफ्ट में जंगल सफारी का आनंद लिया। इस दौरान चूका बीच का अद्भुत नजारे के साथ जंगल की हरियाली के बीच वन्यजीवों के दीदार कर दोनों काफी खुश हुए।
गाइड हाशिम अली ने पीटीआर की खासियत से रूबरू कराया। रेंजर सहेंद्र यादव ने बताया कि पर्यटन सत्र में इस काफी रौनक है। सैलानियों की आमद बढ़ रही है। व्यवस्थाओं का ध्यान रखा जा रहा है।