पीलीभीत टाइगर रिजर्व में अब पर्यटकों से गुलजार होने वाला है। बुधवार से पर्यटन सत्र की शुरुआत हो रही है। यहां आने वाले पर्यटन जंगल सफारी के साथ चूका बीच का आनंद भी ले सकते हैं।
पीलीभीत टाइगर रिजर्व (पीटीआर) के पर्यटन सत्र आज से हो रहा है। शुभारंभ कार्यक्रम मुस्तफाबाद में रखा गया है। यहां पर पूरनपुर के विधायक पूजन के बाद सत्र का शुभारंभ करेंगे। पहले दिन स्कूली बच्चों को जंगल सफारी से चूका तक मुफ्त सैर कराई जाएगी। शुभारंभ को लेकर पीटीआर की ओर से तैयारी पूरी कर ली गईं हैं।
विज्ञापन
देश-विदेश में अपनी अलग पहचान बनाने वाले टाइगर रिजर्व का पर्यटन सत्र 15 नवंबर से शुरू होकर 15 जून तक चलता है। चूका बीच की जिम्मेदारी वन निगम को दी गई है। वन निगम ने चूका बीच की हटों की मरम्मत और रंगाई-पुताई कर उनको नया रूप दिया है। टाइगर रिजर्व के अधिकारी व कर्मचारियों ने भी इसकी तैयारी कर ली है।
वन निगम की ओर से चूका पर बनी थारू हट और ट्री हट की बुकिंग की जाती है। 15 से 27 नवंबर तक एडवांस बुकिंग हो चुकी है। अभी ऑनलाइन बुकिंग जारी है। बुधवार से शुरू हो रहे पर्यटन सत्र को लेकर मुस्तफाबाद में कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। यहां पर पहले हवन-पूजन किया जाएगा। इसमें विधायक पूरनपुर बाबूराम पासवान को मुख्य अतिथि बनाया गया है।
पूजन के बाद सफारी वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा। पहले दिन छात्रों को चूका तक मुफ्त सैर कराई जाएगी। इसकी पूरी तैयारी कर ली गई है। बता दें कि पीलीभीत के जंगल को वर्ष 2014 में टाइगर रिजर्व का दर्जा दिया गया था। तभी से चूका अपनी सुंदरता से लोगों को लुभा रहा है। यही कारण है कि लगातार सैलानियों की संख्या में बढ़ोतरी हो रही है।
चूका बीच पर बनी थारू हट
- फोटो : अमर उजाला
दो शिफ्टों में ले सकेंगे सफारी वाहन से आनंद
सत्र के दौरान वन्यजीवों की सुरक्षा और पर्यटकों के आनंद को ध्यान में रखते हुए जंगल सफारी का समय निश्चित किया गया है। इसमें सुबह और शाम की दो शिफ्ट निर्धारित की गईं हैं। ठंड में पहली शिफ्ट सुबह साढ़े छह से दस बजे और दूसरी शिफ्ट का समय दिन में दो बजे से 5.50 बजे तक है। गर्मी के दिनों में सुबह छह बजे से साढ़े नौ बजे तक और शाम को तीन बजे से सूर्यास्त तक होगा।
जंगल भ्रमण के लिए निर्धारित किए दो रूट
सैलानियों को जंगल में घुमाने के लिए टाइगर रिजर्व प्रशासन ने दो रूट निर्धारित किए हैं। पीलीभीत से महोफ के गेट नंबर एक से होते हुए जंगल के अंदर भीमताल, उत्तराखंड की सीमा पर नहर मार्ग होते हुए चूका बीच पहुंचा जा सकता है। दूसरा रूट मुस्तफाबाद से निर्धारित किया गया है। इसके अलावा इस बार तय रूट से ही कच्चे कुछ रूट भी खोले गए हैं। यह बाइफरकेशन से कैनाल तक जाएंगे। इन रूटों वन्यजीवों के मिलने की संभावना अधिक रहती हैं।
चूका बीच
- फोटो : अमर उजाला
यह रहेगा हटों का किराया
थारू हट भारतीय सैलानियों के लिए एक रात के लिए एक व्यक्ति के लिए 5000, दो के लिए 5500 और तीन के लिए 6500 रुपये है। विदेशी मेहमानों के लिए एक के लिए 14000, दो के लिए 16000 और तीन के लिए 18000 तय किया गया है। ट्री हट के लिए देशी सैलानियों के लिए एक व्यक्ति का 8000, दो का 9000 और तीन के लिए 10000 तय हुआ है। इसी तरह से विदेशी के लिए 18000, 20000 और 22000 है।
चूका का रास्ता बताने के लिए लगाए जाएंगे होर्डिंग्स
देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को चूका पहुंचने के लिए भटकना न पड़े इसके लिए पीटीआर हाईवे व प्रमुख सड़कों पर होर्डिंग्स लगवाएगा। इसमें मानचित्र के जरिए चूका तक पहुंचने की पूरी लोकेशन होगी। खटीमा और बरेली की ओर से आने वाले सैलानी माधोटांडा रोड से सीधे मुस्तफाबाद और वहां से चूका जा सकते हें। यदि सफारी करनी हो तो शहर में टनकपुर मार्ग पर नेहरुपार्क से वाहन उपलब्ध रहेगा, जो महोफ होते हुए चूका जाएगा। लखनऊ की ओर से आने वाले लोग पूरनपुर होते हुए खटीमा रोड पर माधोटांडा से मुस्तफाबाद और वहां से चूका पहुंच सकते हैं।
वर्ष और पर्यटकों की संख्या
वर्ष 2011-12 में 13,003
2012-13 में 12,222
2013-14 में 11,135
2014-15 में 14,172
2015-16 में 17,566
2016-17 में 16,360
2017-18 में 14,887
2018-19 में 15,885
2019-20 में 7,122
2020-21 में 12,389
2021-22 में 18,745
2022-23 में 12,525
पीटीआर के प्रभागीय वनाधिकारी नवीन खंडेलवाल ने बताया कि टाइगर रिजर्व के पर्यटन सत्र की सभी तैयारियां पूरी कर ली गईं हैं। बुधवार को पीटीआर पर्यटकों के लिए खोला जा रहा है। सत्र 15 जून तक चलेगा।