केंद्रीय रेलमंत्री सुरेश प्रभु के होने वाले शिलान्यास कार्यक्रम को लेकर रेलवे अफसर सुबह से शाम तक तैयारियों में जुटे रहे। देर रात तक तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। आरपीएफ कमांडेंट समेत कई बड़े अफसरों को आना लगा रहा।
केंद्रीय रेलमंत्री सुरेश प्रभु, केंद्रीय मंत्री मेनका संजय गांधी व रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा 28 नवंबर को यहां पहुंचकर ब्राडगेज कार्यों का शिलान्यास करेंगे। पीलीभीत के इतिहास में पहली बार किसी केंद्रीय रेलमंत्री के पहुंचने के चलते रेल अफसर यहां कोई कोर कसर नहीं छोड़ रहे हैं। रेलमंत्री के आगमन को लेकर गोरखपुर व इज्जतनगर मंडल के अधिकारियों की देखरेख में यहां दो दिनों से तैयारियां जारी है।
शुक्रवार को रेलवे पटरी से लेकर स्टेशन परिसर पर सुबह से लेकर देर रात तक सफाई का कार्य जारी रहा। बाहर से आए रेल अफसर बारी-बारी पूरे परिसर का मुआयना करते रहे। मंच व शिलापट्ट निर्माण का कार्य भी शाम तक पूरा कर लिया गया। इधर आरपीएफ कमांडेंट एसकेएस राठौर भी सुबह यहां पहुंचे और एसपी जवाहर से मिलकर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मंथन किया।
उन्होंने आरपीएफ इंचार्ज नरेश मीणा को सुरक्षा की दृष्टि से पूरे परिसर में पैनी निगाह रखने के निर्देश दिए। इसके अलावा सहायक परिचालन प्रबंधक सामान्य एके वर्मा, मंडल रेल प्रबंधक विद्युत समेत कई अन्य बड़े रेल अधिकारी पूरे दिन व्यवस्थाओं का जायजा लेते देखे गए।
अपराह्न 1.55 बजे पहुंचेगा वाहनों का काफिला
इज्जतनगर मंडल कार्यालय से जारी कार्यक्रम के अनुसार केंद्रीय रेलमंत्री व अन्य नेता शनिवार को अपराह्न 1.45 बजे हेलीकाप्टर से पुलिस लाइन पहुंचेंगे। इसके बाद वाहनों के जरिए 1.55 बजे रेलवे स्टेशन पर पहुंचकर ब्राडगेज कार्यों का शिलान्यास करेंगे।