तीन एएसपी, आठ सीओ, 16 इंस्पेक्टर और डेढ़ सेक्शन पीएसी रहेगी चप्पे- चप्पे पर मुस्तैद
बदायूं, शाहजहांपुर और बरेली से मिले फोर्स को डयूटी पर लगाया
बरखेड़ा में एक डिग्री कॉलेज के उद्घाटन में आ रहे हैं राज्यपाल रामनाईक
राज्यपाल रामनाईक की रविवार को आएंगे। वह बरखेड़ा स्थित एचआरपी डिग्री कॉलेज का उद्घाटन करेंगे। इसे लेकर सुरक्षा का खाका तैयार कर लिया गया है। जिले के अलावा बरेली, शाहजहांपुर और बदायूं की भी पुलिस तैनात रहेगी। एसपी ने एक दिन पहले मौका मुआयना किया था। शनिवार को जिलाधिकारी मासूम अली सरवर ने कार्यक्रम स्थल पहुंच कर तैयारियों का जायजा लिया। एसपी ने सुरक्षा में लगाए पुलिसकर्मियों को ड्यूटी के दौरान सजगता बरतने के निर्देश दिए हैं।
बरखेड़ा क्षेत्र में एक डिग्री कॉलेज का उद्घाटन रविवार को किया जाएगा। इसमें बतौर मुख्य अतिथि राज्यपाल रामनाईक आ रहे हैं। पिछले कई दिनों से पुलिस महकमा उनकी सुरक्षा को लेकर रणनीति बनाने में जुटा हुआ था। बजाज चीनी मिल में हैलीपेड बनाया गया है। सुरक्षा की तमाम तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। राज्यपाल की सुरक्षा में 300 पुलिसकर्मी ड्यूटी पर लगाए गए है। इसके अलावा डेढ़ सेक्शन पीएसी भी मुस्तैद रहेगी। तीन एएसपी, आठ सीओ और सोलह इंस्पेक्टर रहेंगे।
एएसपी विकास कुमार वैद्य ने बताया कि सरकारी कार्यक्रम आ चुका है। सुरक्षा को लेकर पहले से ही सारी तैयारी की जा चुकी है। बरेली, बदायूं, शाहजहांपुर से भी फोर्स मिला है। जिसको ड्यूटी पर लगाया गया है। खुफिया विभाग की टीम भी रहेगी। सुरक्षा बंदोबस्त सख्त रहेंगे।