विधानसभा चुनाव में प्रत्याशियों को अपने खर्चे का हिसाब रखना पड़ रहा है। शनिवार से उन्हें अपने खर्चे का हिसाब व्यय प्रेक्षक के समक्ष प्रस्तुत करना है। इसके लिए विधानसभा वार तिथियों का निर्धारण किया गया है। आयोग के निर्देश पर नामांकन के दिन से ही प्रत्याशियों का खर्च चुनाव खर्च में जोड़ा जाना है। इसमें सभी प्रत्याशियों ने अलग से बैंक खाता खोल रखा है। प्रतिदिन होने वाले खर्च के लिए आयोग के निर्देश पर अलग अलग रजिस्टर भी बनाए गए हैं। अब इनकी जांच की प्रक्रिया शुरू होगी। व्यय प्रभारी/मुख्य कोषाधिकारी महामिलिंद लाल ने बताया कि चारों विधानसभाओं के लिए तिथियों का निर्धारण किया गया है। इसमें शहर व बरखेड़ा के लिए क्रमश: 4, 8 व 12 फरवरी जबकि बीसलपुर व पूरनपुर के लिए 5, 10 व 13 फरवरी की तिथि रखी गई है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शनिवार को शहर एवं बरखेड़ा विधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशियों को अपना चुनाव खर्च प्रस्तुत करना होगा। इसके लिए जिला पंचायत भवन में व्यय कार्यालय स्थापित किया गया है। मुख्यकोषाधिकारी ने बताया कि सभी विधानसभाओं के लिए अलग अलग प्रभारी नियुक्त किए हैं साथ ही व्यय परीक्षण टीम को भी प्रशिक्षण दिया गया है।