अतिक्रमण हटवाने के लिए सफेद पट्टी बनना शुरू
अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू होने की घोषणा के बाद बुधवार से नाली से एक मीटर दूरी पर सफेद पट्टी बनाने का कार्य शुरू किया गया। पट्टी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अतिक्रमण हटाओ अभियान चलेगा। अतिक्रमण को लेकर नौ अप्रैल को कोतवाली में व्यापारियों की बैठक हुई थी। सीओ की मौजूदगी में व्यापारियों ने अतिक्रमण हटाओ अभियान में सहयोग का आश्वासन दिया था। यह भी तय हुआ था कि दिन में नगर में भारी वाहनों का प्रवेश नहीं होगा। दुकान के बाहर खड़े होने वाले वाहन आदि को लेकर नाली के एक मीटर दूर सफेद पट्टी बनवाकर जगह को चिह्नित करने और पट्टी के बाहर बाइक खड़ी मिलने, अतिक्रमण होने पर दुकानदार के खिलाफ कार्रवाई का निर्णय लिया गया था। बुधवार को एसडीएम के निर्देश पर नगर पालिका कर्मचारियों ने सफेद पट्टी डलवाने का कार्य शुरू किया। नगर पालिका के लेखाकार अमित मिश्रा ने बताया कि पट्टी डलवाने का कार्य एक दो दिन में पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद अतिक्रमण मिलने पर कार्रवाई होगी और अभियान चलाकर अतिक्रमण हटवाया जाएगा।