मंडलायुक्त प्रमांशु कुमार ने कहा कि प्रधानी के चुनाव को काफी गंभीरता से लेने की जरूरत हैं। अभी हाल ही में संपन्न हुए पंचायत चुनाव की कमियों से सबक लेकर हम हर पहलू पर नजर रखे और चुनाव शांतिपूर्ण संपन्न कराना सुनिश्चित करें। साथ ही उन्होंने निष्पक्ष रहकर चुनाव कराने के निर्देश दिए। मंडलायुक्त पंचायत चुनाव को लेकर अधिकारियों की बैठक में बोल रहे थे।
पंचायत चुनाव को लेकर शनिवार को मंडलायुक्त, आईजी विजय कुमार मीणा और डीआईजी आरकेएस राठौर पीलीभीत पहुंचे। दोपहर बाद कलक्ट्रेट स्थित गांधी सभागार में उन्होंने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक लेकर चुनाव तैयारियों की समीक्षा की। मंडलायुक्त ने कहा प्रधानी का चुनाव अन्य सभी चुनाव से कठिन है और इसमें थोड़ी भी चूक समस्या बन सकती है। इसके लिए सभी अधिकारी पूरा होमवर्क कर लें। आईजी ने थानाध्यक्षों से बीते चुनाव में आई समस्याएं एवं आगामी चुनाव को बेहतर बनाने के लिए सुझाव मांगे। इस पर लगभग सभी थानाध्यक्षों ने समस्याएं रखीं। इसमें प्रमुख रूप से गांव पिपरगहना, भगौतीपुर, नवदिया सुखदासपुर, पंडरी खमरिया, वाहनपुर, नवादा कंजा में बूथ को लेकर आई समस्याएं रखी गईं।
डीआईजी ने थानाध्यक्षों से खुरापाती तत्वों से सख्ती से निपटने, गुंडा एक्ट, जिला बदर एवं वांछित अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए। चुनावी बैठक के बाद आईजी, डीआईजी ने अपराध समीक्षा की। बैठक में डीएम मासूम अली सरवर, एसपी जवाहर, एएसपी सुधीर कुमार शर्मा, एडीएम अजयकांत सैनी, सभी एसडीएम, सीओ, जिलास्तरीय अधिकारी एवं थानाध्यक्ष मौजूद रहे। चुनावी बैठक से पूर्व उन्होंने पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में एसएसबी अधिकारियों के साथ बार्डर सुरक्षा को लेकर बैठक की।
ये रहेगी व्यवस्था
छूटे शस्त्रों को जमा कराएं
बूथों पर होगी बिजली व्यवस्था
सुरक्षा को मिलेगा पैरामिलिट्री फोर्स
अधिक मतदाता वाले बूथों पर रहेगा अतिरिक्त कर्मी
शारदा पार का अलग रहेगा जोन