शहर के उपाधि महाविद्यालय एवं तहसील का सुंदरीकरण कर व्यवस्थाओं में सुधार किया जाएगा। डीएम मासूम अली सरवर ने दोनों स्थानों का निरीक्षण कर आरईएस के अधिशासी अभियंता को स्टीमेट बनाने के निर्देश दिए हैं।
शहर के पार्क, तालाब और चौराहों के बाद डीएम ने उपाधि महाविद्यालय एवं तहसील के सुंदरीकरण की कवायद शुरू की है। इसके लिए बुधवार को अधिकारियों की टीम के साथ उपाधि महाविद्यालय पहुंचे। यहां स्टाफ, छात्र छात्राओं एवं अधिकारियों से राय मशविरा कर महाविद्यालय के जीर्णोद्धार एवं सुंदरीकरण का खाका खींचा। उन्होंने महाविद्यालय में नए प्रशासनिक भवन का निर्माण, साइकिल स्टेंड, कक्षों की मरम्मत, बिजली व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए आरईएस के अधिशासी अभियंता नीरज कुमार को स्टीमेट बनाने के निर्देश दिए। डीएम ने बताया कि महाविद्यालय में निर्माण और मरम्मत के साथ ही इसका सुंदरीकरण भी कराया जाएगा। उपाधि महाविद्यालय के बाद डीएम सदर तहसील पहुंचे। यहां उन्होंने इसके बंद पड़े पश्चिमी मुख्य गेट हो खुलवाने और गेट के रास्तों की मरम्मत, पार्क में बैठने लिए टिनशेड युक्त बेंचे बनवाने और भवन की पुताई के निर्देश दिए। डीएम के साथ एडीएम अजयकांत सैनी, सिटी मजिस्ट्रेट जितेंद्र कुमार शर्मा, एसडीएम सदर सुरेंद्र बहादुर यादव सहित कई अधिकारी थे।