अमरिया के एक खेत में बाघ के पगचिह्न।
- फोटो : PILIBHIT
अमरिया। जंगल से बाहर घूमने वाले बाघों की दहशत जारी है। शनिवार सुबह गांव गजरौला में धान के खेत में सिंचाई करते समय एक बाघ अचानक मजदूरों के सामने आ गया। बाघ को सामने देखकर मजदूरों के पसीने छूट गए। मजदूरों ने किसी तरह खेत से भागकर अपनी जान बचाई। सूचना मिलने पर पहुंची वन विभाग की टीम ने बाघ के पगचिह्न ट्रेस कर ग्रामीणों को अलर्ट किया।
अमरिया क्षेत्र के गांव गजरौला निवासी पूर्व ब्लॉक प्रमुख श्रवण दत्त सिंह ने बताया कि शनिवार सुबह करीब आठ बजे उनके और पड़ोस में रहने वाले मनोज कुमार के धान के खेतों में गांव रसूला निवासी होरी लाल और कल्लू फसल की सिंचाई कर रहे थे। तभी बराबर वाले गन्ने के खेत से निकलकर एक बाघ सामने नाली के पास आकर खड़ा हो गया। बाघ को सामने देख मजदूरों के हाथ-पांव फूल गए। दोनों मजदूर शोर मचाते हुए फॉर्म हाउस पहुंचे और बाघ के बारे में बताया। इसकी सूचना वन विभाग को दी गई। वन विभाग के डिप्टी रेंजर देवेंद्र पाल सिंह, शैलेंद्र कुमार और टीम ने बाघ के पगचिह्न ट्रेस कर ग्रामीणों को अलर्ट किया। इधर, बाघ दिखने की सूचना के बाद ग्रामीणों में दहशत है।