माधोटांडा। टाइगर रिजर्व के बाहर सोमवार शाम करीब छह बजे माधोटांडा पीलीभीत मार्ग जंगल मार्ग पर रिछौला के निकट बाघ के अचानक मार्ग पर आ जाने से वाहनों के पहिए थम गए। बाघ थोड़ी देर बाद जंगल की ओर चला गया। इसके बाद राहगीर एकत्र होकर आगे निकल सके।
टाइगर रिजर्व में पिछले कुछ दिनों से बाघ लगातार जंगल से बाहर निकल कर चहलकदमी कर रहे हैं। माला रेंज के अंतर्गत गजरौला, जराकोठी व रिछौला गांव के अंतर्गत बाघों की सक्रियता अधिक दिखाई दे रही है। गजरौला क्षेत्र के अंतर्गत पूर्व में दो किसानों को निवाला बनाने के बाद ट्रैंक्युलाइज कर एक बाघ को पकड़ा जा चुका है, वहीं एक अन्य बाघ की मौत भी हो चुकी है। इसके बाद भी जंगल क्षेत्र से असम हाईवे और माधोटांडा पीलीभीत मार्ग पर बाघों की चहलकदमी बनी हुई है। सोमवार शाम करीब छह बजे माधोटांडा जंगल मार्ग पर जंगल से बाहर निकलकर बाघ सड़क पर आ गया। वहां से गुजर रहे राहगीरों की जब उस पर नजर पड़ी, तो वाहनों के पहिए थम गए। कुछ देर तक बाग मार्ग पर टहलता रहा। फिर वह जंगल की ओर चला गया। इसके बाद राजगीर इकट्ठे होकर आगे की ओर निकले।