गजरौला (पीलीभीत)। क्षेत्र के गांव बकैनिया में बुधवार सुबह एक बाघ गन्ने के खेत में देखा गया। इससे ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। वन विभाग की टीम ने खेत की घेराबंदी की। मौके पर पहुंचकर पगमार्क भी चिह्न्ति किए गए हैं।
गांव बकैनिया ताल्लुक महद निवासी टीकाराम के गन्ने के खेत में सुबह ग्रामीणों ने बाघ देखा। ग्रामीणों की नजर जैसे ही बाघ पर पड़ी तो हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने बाघ के पैरों के निशान गन्ने के खेत की तरफ जाते देखकर पुलिस और वन विभाग को सूचना दी। वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर बाघ के पगमार्क ट्रेस किए। इसके अलावा टीम ने गन्ने के खेत के चारों ओर घेराबंदी भी की। वनकर्मियों ने गन्ने के खेत के आसपास की लोकेशन ट्रेस की। बकैनिया के प्रधान लालाराम ने बताया कि बाघ गन्ने के खेत में छुपा है। लोगों में दहशत बनी हुई है। गेहूं की कटाई चल रही है। बाघ दिखने के बाद कटाई भी रुक गई है।
माला रेंज के गढ़ा बीट प्रभारी सत्यवीर संधू ने बताया कि बाघ की सूचना पर टीम मौके पर पहुंची। वहां लगातार गश्त की जा रही है। लोकेशन ट्रेस कर रहे हैं कि बाघ कहां पर है। सामाजिक वानिकी बीसलपुर की टीम भी मौके पर जुटी हुई है। बीसलपुर रेंजर वजीर हसन ने बताया कि अभी तक बाघ की लोकेशन ट्रेस नहीं हुई है। ग्रामीणों ने आशंका व्यक्त की है कि बाघ गन्ने के खेत में छुपा है क्योंकि उसके पैरों के निशान भी खेत में मिले हैं।