पीटीआर के टूरिज्म प्वाइंटों पर लगे बोर्ड
- फोटो : PILIBHIT
पीलीभीत/ माधोटांडा। पीलीभीत टाइगर रिजर्व का सातवां पर्यटन सत्र शुरू होने में मात्र तीन दिन शेष बचे हैं। चूका बीच को सजाने संवारने का काम अंतिम दौर में है। चूका बीच के अलावा जंगल सफरी के कच्चे मार्गों की मरम्मत का काम भी लगभग पूरा हो चुका है। मुस्तफाबाद गेस्ट हाउस स्थित प्रवेश द्वार की रंगाई पुताई का कार्य भी पूरा हो चुका है। इसके अलावा पीटीआर ने सैलानियों की सुविधा को 15 टूरिज्म प्वाइंटों पर बोर्ड लगा दिए गए हैं।
टाइगर रिजर्व का पर्यटन सत्र एक नवंबर से शुरू हो रहा है। इसको लेकर महोफ रेंज स्थित चूका बीच में हटों की मरम्मत का काम तेजी से चल रहा है, मगर हटों को पूरी तरह से तैयार होने में वक्त लग सकता है। ऐसे में सैलानियों को चूका बीच में रात्रि विश्राम की सुविधा के लिए थोड़ा इंतजार करना पड़ सकता है। वहीं, सत्र के दौरान सैलानियों की सुविधा के लिए जंगल सफारी के रूटों को मरम्मत कर दुरुस्त किया जा चुका है। मुस्तफाबाद स्थित वाच टॉवर को इस बार ऊंचा किया गया है। इस टॉवर से सैलानी जंगल और वन्यजीवों की दीदार कर सकते हैं।
टूरिज्म प्वाइंटों पर लगे बोर्ड
टाइगर रिजर्व में इस बार 15 टूरिज्म प्वाइंटों को चिह्नित किया गया है। इन प्वाइंटों पर जाने वाले सैलानियों को प्राकृतिक दृश्यों के अलावा वन्यजीवों के भी आसानी से दीदार हो सकेंगे। इधर, सैलानियों को कोई असुविधा न हो, इसको लेकर इन सभी प्वाइंटों पर संबंधित जानकारी से जुड़े बोर्ड लगाए गए हैं।
पर्यटन सत्र की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। जंगल भ्रमण वाले कच्चे मार्गों को भी दुुरुस्त किया जा चुका है। इसके अलावा सैलानियों को जानकारी के लिए 15 चिह्नित स्थानों पर बोर्ड पर लगाए गए हैं। - नवीन खंडेलवाल, डिप्टी डायरेक्टर, पीलीभीत टाइगर रिजर्व
मुस्तफाबाद जाने वाले कच्चे मार्ग को किया गया दुरुस्त- फोटो : PILIBHIT
मुस्तफाबाद स्थित प्रवेश द्वार पर पार्किग क्षेत्र में रंगाई पुताई का काम रहा जारी- फोटो : PILIBHIT