पीलीभीत। कोरोनाकाल में टाइगर रिजर्व प्रशासन ने सैलानियों को राहत देते हुए नए पर्यटन सत्र में हटों और वाहनों के किराए की दरें न बढ़ाने का फैसला किया है। इसके अलावा वाहनों के बुकिंग काउंटर भी बढ़ाए गए हैं। अभी तक वाहनों की बुकिंग महोफ और मुस्तफा गेट के अलावा शहर के नेहरू ऊर्जा उद्यान से होती थी। मगर, नए पर्यटन सत्र में पीटीआर प्रशासन ने असम चौराहा और माधोटांडा के गोमती उद्गम स्थल पर भी बुकिंग काउंटर खोलने की घोषणा कर दी है। यहां से सैलानियों को जंगल भ्रमण के लिए वाहन की सुविधा मिल सकेगी।
पीलीभीत को देश और दुनिया तक पहचान दिलाने वाला पीलीभीत टाइगर रिजर्व और महोफ रेंज में शारदा डैम से सटे क्षेत्र में स्थित चूका बीच प्रकृति की अनमोल धरोहर के रूप में माना जाता है। टाइगर रिजर्व का पर्यटन सत्र प्रति वर्ष 15 नवंबर से शुरू होकर 15 जून तक चलता है, मगर इस बार पीटीआर प्रशासन ने दुधवा नेशनल पार्क तय समय से पहले खोले जाने के मद्देनजर टाइगर रिजर्व में भी नए पर्यटन सत्र को 15 नवंबर के बजाए एक नवंबर से शुरू करने का निर्णय लिया है। गत वर्ष की तरह चूका बीच में बाहर से आने वाले सैलानियों की जिम्मेदारी वन निगम को दी गई है। चूका बीच पर पर्यटन विभाग की देखरेख में तेजी से कार्य चल रहा है। इस बार हटों को नए सिरे से बनाया जा रहा है। पीटीआर अफसरों के मुताबिक चूका बीच का कार्य अंतिम दौर में है।
जंगल भ्रमण के लिए 21 वाहन
पीलीभीत टाइगर रिजर्व में चूका बीच समेत टूरिज्म प्वाइंटों तक पहुंचने के लिए इस बार 21 वाहन लगाए जाएंगे। छह जीनॉन सफारी और 16 प्राइवेट जिप्सी होगी। कोरोनाकाल में वाहनों को लगातार सैनिटाइज किया जाएगा।
शहर में प्रवेश मिलेगी बुकिंग की व्यवस्था
टाइगर रिजर्व में भ्रमण करने के लिए अभी मुस्तफाबाद गेट, महोफ गेट और शहर के नेहरू पार्क पर बुकिंग के साथ वाहन उपलब्ध कराए जाते थे, मगर नए सत्र में सैलानी शहर के अंदर प्रवेश करते ही असम चौराहे पर टाइगर रिजर्व आने के लिए वाहनों की बुकिंग करा सकेंगे। इसके अलावा माधोटांडा स्थित गोमती उद्गम स्थल पर भी बाहर से आने वाले पर्यटक वाहन बुकिंग करा सकेंगे।
कोरोनाकाल में सैलानियों को दी राहत
पीटीआर प्रशासन ने नए पर्यटन सत्र में वाहनों और हटों की किराया दरों में कोई बढ़ोतरी न करने निर्णय लिया है। पिछले पर्यटन सत्र में जो किराया दरें थी, वही सातवें पर्यटन में भी रहेगी।
चूका बीच में हटों की किराया दर
थारू हट- 1575 प्रति व्यक्ति और 2520 दो व्यक्ति
बैंबो हट- 2100 प्रति व्यक्ति और 3150 दो व्यक्ति
ट्री हट- 2100 रुपये प्रति व्यक्ति और 3150 दो व्यक्ति
अरण्य कुटी- 2000 प्रति हट
वाहनों का किराया (चार पर्यटक)
महोफ से चूका- 3186 रुपये
पीलीभीत से चूका- 4130 रुपये
मुस्तफाबाद से चूका-2832 रुपये
कोरोनाकाल के चलते पीलीभीत टाइगर रिजर्व ने इस बार नए पर्यटन सत्र में किराया दरें न बढ़ाने का निर्णय लिया है। सैलानियों को कोई असुविधा न हो, इसका पूरा ध्यान रखा जाएगा। बुकिंग के दो नए काउंटर बढ़ाए गए हैं।
- नवीन खंडेलवाल, डिप्टी डायरेक्टर
शारदा डैम में पानी बढ़ा, थमी कामों की रफ्तार
पीलीभीत इको टूरिज्म स्पॉट चूका बीच में आने वाले सैलानी शारदा डैम में नाव से घूमने का भी आनंद ले सकेंगे। डैम से सटे क्षेत्र में बोटिंग प्लेटफॉर्म का निर्माण और सोलर प्लांट स्थापित किया जा रहा है। बीते दिनों शारदा सागर डैम में पानी बढ़ने से कार्य स्थल पर भी पानी भर गया। उसमें नाव के प्लेटफॉर्म और सोलर प्लांट काम रुक गया है।