पूरनपुर। पिछले कई दिनों से चहलकदमी कर रहा बाघ गांव खांडेपुर के समीप एक धार्मिक स्थल के समीप पहुंचा गया। गन्ने के खेत में छिपे बाघ ने कई बार दहाड़ लगाई। वहीं, गांव बंजरिया के समीप तेंदुआ ने पालतू कुत्ते पर हमला कर घायल कर दिया। आहट पर पहुंचे सुखदेव सिंह पर झपटने की कोशिश की। शोर-शराबा होने पर तेंदुआ खेतों की ओर भाग गया।
थाना सेहरामऊ उत्तरी के गांव पटिहन, सुल्तानपुर, मुरादपुर माती सहित अन्य गांवों के समीप बाघ पिछले 20 दिन से चहलकदमी कर रहा है। सप्ताह भर पहले बाघ ने एक कुत्ते को शिकार बनाया था। शुक्रवार को बाघ गांव मुरादपुर माती के समीप आ गया। बाघ देख लोगों ने शोर-शराबा किया।
इस पर बाघ एक पेड़ के पास से होते हुए खेतों की ओर चला गया। कुछ लोगों ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया था। मंगलवार को बाघ गांव खांडेपुर के समीप धार्मिक स्थल के पास पहुंचा। लोगों ने शोर-शराबा किया। इस पर बाघ गन्ना के खेत में घुस गया। भाजपा नेता अचलेंद्र मिश्रा ने इसकी सूचना खुटार रेंजर को दी। सूचना पर खुटार की टीम पहुंची। टीम ने लोगों से सतकर्ता बरतने की अपील की है। संवाद