बरखेड़ा। ब्लॉक की ग्राम पंचायत रामनगर जगतपुर में गोशाला के बाहर रात में बाघ ने एक छुट्टा गोवंशीय पशु को अपना शिकार बना लिया। सूचना मिलते ही प्रधान कुंदनलाल ने घटना की जानकारी सामाजिक वानिकी बीसलपुर को दी। वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली।
इस गांव के बाहर जंगल के निकट गोशाला बनी हुई है। गोशाला की सुरक्षा के लिए चारों तरफ से तार फेंसिंग की गई है। गोशाला के बाहर जंगल के करीब छुट्टा गोवंशीय पशु घूमते रहते हैं। शनिवार की रात गोशाला के बाहर जंगल से बाहर निकलकर आए बाघ ने एक गोवंशीय पशु का शिकार किया। सुबह जब चौकीदार ने गोवंशीय पशु का शव देखा तो उसने प्रधान को घटना की सूचना दी।
प्रधान ने मामले की सूचना सामाजिक वानिकी विभाग बीसलपुर को दी। इसके बाद वन दरोगा सुरेश गंगवार, वन रक्षक इकबाल, टाइगर ट्रेकर ततीर अहमद, रामऔतार, भूपराम मौके पर पहुंचे। उन्होंने पशु का अधखाया शव देखा। टीम ने बाघ के पंजों के निशान भी ट्रेस किए। पशु चिकित्सक डाॅ. हरपाल ने मृत शव की जांच की। गोवंशीय पशु के शिकार के बाद ग्रामीणों में बाघ की दहशत है। वन विभाग की टीम ने ग्रामीणों से अकेले खेतों की तरफ नहीं जाने की अपील की है।