फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दहशत में कट रही रात: आठ जनवरी को युवक को बनाया था निवाला, अब फिर गांव के आसपास मंडरा रहा बाघ

Sun, 05 Feb 2023 06:37 PM IST
मुकेश कुमार संवाद न्यूज एजेंसी, पीलीभीत

सार

गांव टांडा बिजैसी में आठ जनवरी को बाघ ने ग्रामीण गोकुल मलिक को मार दिया था। इसके बाद से लगातार बाघ की गांव के आसपास चहलकदमी देखी जा रही है। इससे ग्रामीणों में दहशत है। 
विज्ञापन
गन्ने में खेत में बाघ छिपे होने का दावा - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

पीलीभीत के टांडा बिजैसी गांव में बाघों की बढ़ती सक्रियता से ग्रामीणों में दहशत है। ग्रामीण जागकर रात काट रहे हैं। गांव के नजदीक गन्ने के खेत में बाघ देखे जाने पर रविवार को वन संरक्षक ललित वर्मा ने गांव पहुंचकर स्थिति को परखा। ग्रामीणों से बातचीत की। उन्होंने बाघ के पैरों के निशान देखें। ग्रामीणों को आश्वासन दिया गया कि बाघ को जंगल की ओर वापस करने के पूरे प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने वन अफसरों से बातचीत कर कहा कि जिस गन्ने के खेत में बाघ घुस रहा है, उसमें से गन्ना कटवाया जाए। गन्ने के खेत के चारों ओर जाल लगाया गया है। आसपास के इलाके में ड्रोन से निगरानी की जा रही है। 

विज्ञापन


न्यूरिया क्षेत्र के गांव टांडा बिजैसी में आठ जनवरी को बाघ ने ग्रामीण गोकुल मलिक को मार दिया था। इसके बाद से लगातार बाघ की गांव के आसपास चहलकदमी देखी जा रही है। शनिवार सुबह गांव में युवक का शिकार करने वाले स्थान के आसपास एक साथ दो बाघों को देखा गया। ग्रामीणों की सूचना के बाद वन विभाग के क्षेत्रीय अफसरों ने मौके पर पहुंचकर निगरानी शुरू की थी। एक बाघ तो जंगल की तरफ चला गया जबकि दूसरा गन्ने के खेत में छिपा होना बताया गया। 

दावा- खेत से जंगल में चला गया बाघ 

सतर्कता बरतते हुए गन्ने के खेत में जाल लगाकर आबादी वाले हिस्से को सुरक्षित किया गया। देर शाम तक ड्रोन से बाघ की निगरानी की गई। अधिकारियों का दावा कि देर रात को बाघ गन्ने के खेत से निकलकर जंगल की ओर चला गया। बाघ के पैरों के निशान भी ट्रेस किए गए। रविवार सुबह दस बजे वन संरक्षक ललित वर्मा गांव पहुंचे। उन्होंने वन अफसरों से बाघ के बारे में जानकारी जुटाई, बाघ के पैरों के निशान भी देखे। क्षेत्र में जंगल सीमा तक लगे कैमरों में कैद बाघ की गतिविधि भी देखी। ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि बाघ को जंगल की ओर वापस भेजने के हर संभव प्रयास किए जाएंगे।  

विज्ञापन

गन्ना कटवाने को पर्ची दिलाने में पैरवी करेगा वन विभाग

टांडा बिजैसी गांव के निकट जहां बाघ की चहलकदमी देखी जा रही है। वहां किसान भानू सिंह का करीब 14 एकड़ में गन्ना लगा हुआ है। इसके अलावा चारों ओर गेहूं की फसल है जो अभी छोटी है। वन संरक्षक ललित वर्मा ने गन्ने को कटवाने की बात कही। इस पर किसान भानू प्रताप सिंह ने कहा कि पर्ची न मिलने के कारण फसल नहीं कटवा पा रहे हैं।  वन संरक्षक ने मुख्यालय के अफसरों को निर्देश दिए कि गन्ना विभाग के अफसरों से बातचीत कर किसान को गन्ने की पर्ची दिलवाकर गन्ना कटवाएं। गन्ना नहीं होगा तो बाघ यहां नहीं छिप सकेगा। 

बरेली के वन संरक्षक ललित वर्मा ने बताया कि टांडा बिजैसी गांव में बार-बार बाघ के आने की सूचना पर गया था। बाघ जिस खेत में छिपता है उसके चारों तरफ जाल लगवाकर गन्ने की फसल कटवाने को कहा है। स्थिति को नियंत्रण रखने के लिए जरूरी निर्देश दिए गए हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें